ग्वालियर जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार एवं बाजरा उपार्जन के लिए किसानों का पंजीयन जारी है। किसान 10 अक्टूबर तक जिले के 35 पंजीयन केन्द्रों पर निःशुल्क पंजीयन करा सकते हैं। कलेक्टर रुचिका चौहान ने संबंधित विभागों को सुव्यवस्थित पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सहायक जिला आपूर्ति अधिकारी सौरभ जैन ने बताया कि जिले में स्थापित 35 पंजीयन केन्द्रों, विभिन्न कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्रों तथा सहकारी समितियों व सहकारी विपणन संस्थाओं के केन्द्रों पर निःशुल्क पंजीयन किया जा रहा है। इसके अलावा एमपी ऑनलाइन, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केन्द्र एवं निजी साइबर कैफे पर पंजीयन के लिए अधिकतम 50 रुपये शुल्क निर्धारित है।
सिकमी, बटाईदार, कोटवार एवं वन पट्टाधारी किसानों का पंजीयन केवल सहकारी संस्थाओं के केन्द्रों पर होगा तथा इनका राजस्व विभाग द्वारा सत्यापन किया जाएगा। पंजीयन के लिए भूमि संबंधी दस्तावेज, आधार कार्ड एवं फोटो पहचान पत्र आवश्यक हैं। पंजीयन एवं फसल विक्रय के लिए आधार सत्यापन ओटीपी अथवा बायोमेट्रिक से अनिवार्य होगा तथा भू-अभिलेख और आधार में नाम का मिलान जरूरी है।
उन्होंने बताया उपज का भुगतान प्राथमिकता से आधार-लिंक बैंक खाते में किया जाएगा। किसान भाई बैंक खाता एवं IFSC की जानकारी दें और आधार से बैंक खाता व मोबाइल नंबर लिंक एवं अपडेट रखें। अक्रियाशील, संयुक्त तथा फिनो, एयरटेल और पेटीएम खाते मान्य नहीं होंगे। किसानों को पंजीयन की जानकारी एसएमएस, ग्राम पंचायतों के सूचना पटल, डोडी तथा समिति एवं मंडी स्तर पर बैनर के माध्यम से देने के निर्देश दिए गए हैं।
