ग्वालियर। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा सहायक जेल अधीक्षक एवं जेल प्रहरी भर्ती परीक्षा-2026 की लिखित परीक्षा 4 जून से 20 जून तक आयोजित की गई थी। लिखित परीक्षा का परिणाम गत 14 अगस्त को घोषित कर दिया गया है। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए भर्ती प्रक्रिया के द्वितीय चरण में शारीरिक नापजोख, प्रवीणता टेस्ट एवं दस्तावेज सत्यापन का कार्य किया जायेगा। यह प्रक्रिया आगामी 7 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक भोपाल स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, मध्यप्रदेश शूटिंग अकादमी के सामने, नाथू बरखेड़ा रोड, नीलबड़ में संपादित होगी। द्वितीय चरण की परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आवश्यक प्रपत्र मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट www.esb.mp.gov.in तथा जेल विभाग की वेबसाइट jail.mp.gov.in पर उपलब्ध हैं।
लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थी वेबसाइट से आवश्यक प्रपत्र डाउनलोड कर निर्धारित तिथि एवं समय पर सभी जरूरी दस्तावेजों एवं आवश्यक जानकारी के साथ शारीरिक नापजोख, प्रवीणता टेस्ट एवं दस्तावेज सत्यापन के लिए उपस्थित हो सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि सहायक जेल अधीक्षक के 25 पदों के लिए 256 अभ्यर्थी तथा जेल प्रहरी के 757 पदों के लिए 8,217 अभ्यर्थी प्रथम चरण की लिखित परीक्षा में पात्र पाए गए हैं। इन सभी सफल अभ्यर्थियों का भर्ती प्रक्रिया के द्वितीय चरण में शारीरिक नापजोख, प्रवीणता टेस्ट एवं दस्तावेज सत्यापन किया जाना है।
