ग्वालियर। जिले के निवासियों को “पीएम सूर्य घर मुक्त बिजली योजना” से लाभान्वित कराने के लिये “सेवा सेतु शिविर” लगने जा रहे हैं। “सेवा-संकल्प अभियान” के तहत यह शिविर जिले के सभी विकासखंडों में आयोजित होंगे। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के उप महाप्रबंधक संचालन , संधारण वृत्त कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार भितरवार विद्युत केन्द्र में 25 सितम्बर को सेवा सेतु शिविर लगाया जायेगा। इसी तरह डबरा शहर के विद्युत केन्द्र में 28 सितम्बर, घाटीगांव विद्युत केन्द्र परिसर में 29 सितम्बर एवं मुरार विद्युत केन्द्र में 01 अक्टूबर को शिविर लगाए जायेंगे। शिविरों को सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से आयोजित कराने के लिये शिविरवार प्रबंधक व सहायक प्रबंधक स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
घरों की बिजली जरूरत होगी सौर ऊर्जा से पूरी
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर लगाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा अनुदान दिया जाता है। एक किलोवाट क्षमता के संयंत्र पर लगभग 30 हजार रुपए, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपए तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर अधिकतम 78 हजार रुपए तक की सहायता का प्रावधान है। योजना का उद्देश्य घरों की बिजली जरूरत का बड़ा हिस्सा सौर ऊर्जा से पूरा कर बिजली बिल में कमी लाना है। सोलर संयंत्र से घर में उपयोग के बाद बची बिजली नियमानुसार ग्रिड में भेजी जा सकती है। नेट मीटरिंग के माध्यम से उसका समायोजन किया जाता है। योजना का लाभ लेने के लिए घरेलू बिजली उपभोक्ता पीएम सूर्य घर राष्ट्रीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद संबंधित विद्युत वितरण कंपनी की प्रक्रिया पूरी होने पर अधिकृत वेंडर के माध्यम से सोलर संयंत्र स्थापित किया जाता है और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सब्सिडी का भुगतान किया जाता है।
