राजनीति

कांग्रेस परिवारवाद को बढ़ाती है, भाजपा समर्पित कार्यकर्ता को देती है नेतृत्व का अवसर, हमारी सरकारें विकसित भारत और विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प को कर रही है साकार: डॉ. महेन्द्र सिंह

भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने मंगलवार को दतिया स्थित भाजपा चुनाव कार्यालय से विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, प्रचार रथों के माध्यम से जनता तक पहुंचेगा भाजपा सरकार के विकास, सुशासन और जनकल्याण का संदेश

दतिया/ ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने मंगलवार को दतिया स्थित भाजपा चुनाव कार्यालय से विधानसभा उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रचार रथों के माध्यम से सभी मंडलों में भाजपा सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश अब घर-घर और गांव-गांव तक पहुंचेगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे जनता के बीच जाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से रखें तथा भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं।

कांग्रेस ने दतिया के विकास के लिए कोई कार्य नहीं किया

भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत आज विश्व पटल पर नई पहचान बना चुका है और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश भी विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। डबल इंजन की सरकार विकसित भारत और विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प को तेजी से साकार कर रही है। भाजपा ने जनकल्याण, अधोसंरचना, गरीब कल्याण, किसान हित और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जिनकी जानकारी प्रचार रथों के माध्यम से प्रत्येक नागरिक तक पहुंचेगी। कांग्रेस के पास जनता को बताने के लिए कोई उपलब्धि नहीं है, इसलिए वह केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की बात वही कर सकता है जिसने वास्तव में विकास किया हो। कांग्रेस ने अपनी सरकार के दौरान दतिया विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए कोई कार्य नहीं किया और पिछले ढाई वर्षों में भी जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर सकी।

कांग्रेस की राजनीति परिवारवाद तक सीमित रही है

भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। भाजपा में किसी व्यक्ति की पहचान उसके परिवार या राजनीतिक विरासत से नहीं, बल्कि उसके परिश्रम, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा से होती है। यही भाजपा की कार्य-संस्कृति है, जिसने एक सामान्य कार्यकर्ता आशुतोष तिवारी को दतिया विधानसभा उपचुनाव का प्रत्याशी बनाया है। भाजपा में हर कार्यकर्ता के लिए आगे बढ़ने के समान अवसर हैं, जबकि कांग्रेस की राजनीति परिवारवाद और विरासत के इर्द-गिर्द सीमित रही है। भाजपा के कार्यकर्ता पूरे उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ चुनाव अभियान में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और सुशासन की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं तथा भाजपा के पक्ष में जनसमर्थन सुनिश्चित करें। 

उन्होंने कहा दतिया की जनता विकास, सुशासन और जनसेवा की राजनीति को समर्थन देगी तथा भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को भारी मतों से विजयी बनाकर विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ाएगी। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं दतिया उपचुनाव के सह प्रभारी राहुल कोठारी, संभाग प्रभारी अभय यादव, पूर्व विधायक जीतू जिराती, जिला प्रभारी गजेन्द्र सिकरवार, जिला अध्यक्ष रघुवीर कुशवाह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रदेश प्रभारी दतिया में संगठनात्मक बैठकों, जनसंवाद एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों में हुए शामिल

भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने दतिया प्रवास के दौरान ग्राम सलैया पंवार एवं ग्राम पठारी में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित कर जिला कार्यालय में सरपंचों एवं पार्षदों की बैठक को संबोधित किया। इसके बाद आपने दतिया नगर में स्थानीय जनसंपर्क कर सामाजिक संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर भाजपा प्रत्याशी  आशुतोष तिवारी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने की अपील की।की।