कलेक्टर के स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं होगा, उन्होंने ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ़ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं
ग्वालियर। जिले में अवैध रूप से खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को खनिज एवं राजस्व विभाग के संयुक्त दल ने डबरा तहसील के ग्राम रायपुर में विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई कर लगभग 4500 घनमीटर रेत जब्त की गई । कलेक्टर रुचिका चौहान ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से संयुक्त कार्रवाई करने तथा ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रभारी खनिज अधिकारी घनश्याम यादव ने बताया कि डबरा तहसील के ग्राम रायपुर में खनिज एवं राजस्व विभाग के संयुक्त दल द्वारा अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से भण्डारित लगभग 4500 घनमीटर रेत जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि इसी अभियान के तहत गत रात्रि में बिजौली थाना क्षेत्र से अवैध गिट्टी का परिवहन करते हुए एक डम्पर भी जब्त किया गया है। प्रकरणों में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
