ग्वालियर शहर के वार्ड क्रमांक 55 स्थित गुड़ा-गुड़ी के नाका क्षेत्र मुक्तिधाम के पास रविवार को हुई एक दुखद दुर्घटना में दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। जिला प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर युद्ध-स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिए। एडीएम सीबी प्रसाद सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने घटना-स्थल पर पहुंचकर मशीनों की सहायता से मलबा हटवाया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। कलेक्टर ने अस्पताल प्रबंधन को घायलों के समुचित एवं बेहतर उपचार के निर्देश भी दिए हैं।
कलेक्टर के निर्देश पर रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से सभी प्रभावितों को तत्काल राहत के रूप में प्रत्येक को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसे में सपना बाथम (30 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राहुल जाटव (40 वर्ष) एवं बेताल जाटव (36 वर्ष) घायल हुए हैं, जिनका उपचार चल रहा है।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए हैं कि संबंधित दीवार के निर्माण की ड्राइंग, डिजाइन एवं निर्माण गुणवत्ता की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कराई जाए, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार व्यक्तियों की जवाबदेही तय करते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
प्रशासन और पुलिस की टीम घटना-स्थल पर बचाव कार्य में जुटी है, एसएसपी बोले बचाव कार्य जारी है, 3 लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा है
गुड़ा-गुड़ी का नाका स्थित मुक्तिधाम के पास हुए हादसे में पहाड़ी किनारे बनवाई गई दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे पति-पत्नी समेत तीन लोगों के मलबे में दबने की प्रारंभिक सूचना पुलिस और प्रशासन को मिली थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति जीवित मिला है। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। प्रशासन और पुलिस की टीम घटना-स्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुटी है। मौके पर पहुँचे एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव का कहना है बचाव कार्य जारी है, 3 लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया है
गुड़ा गुड़ी नाके से आगे मुख्य मार्ग पर नगर निगम द्वारा पहाड़ की स्लाइडिंग की सुरक्षा के लिए दीवार का निर्माण कराया था। इस दीवार के ऊपर क्षेत्र में कई वर्ष पूर्व से कच्चे एवं पक्के भवन ( स्लम) के रूप में निर्मित हैं। प्रारंभिक जांच में तथ्य आये हैं कि बस्ती में एक निवासी के द्वारा अपने भवन का निर्माण कार्य किया जा रहा था एवं भवन निर्माण सामग्री को एक स्थान सड़क पर ढेर के रूप में रखा गया था। भवन निर्माण सामग्री में पानी के जाने के कारण अत्यधिक भार की स्थिति निर्मित होने की संभावना प्रथम दृष्टया दिख रही है। जिसके कारण दीवार पर भार आया है। कार्य की गुणवत्ता एवं अन्य तकनीकी बिन्दुओ के विस्तृत जांच के निर्देश कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग को दिए है। साथ ही आयुक्त नगर निगम द्वारा भी एक जांच कमेटी बनाकर सभी तथ्यों की जांच प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है। क्षेत्र के उपयंत्री, सहायक यंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए है। जांच उपरांत जिम्मेदारों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। स्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं निगम प्रशासन के अधिकारियों ने अपनी उपस्थिति में करवाया। इस दुखद घटना में एक महिला की मृत्यु हो गई है एवं 2 अन्य व्यक्ति घायल हो गए है जिनका समुचित इलाज जयारोग्य अस्पताल में किया जा रहा है।
