ग्वालियर। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत ग्वालियर जिले में खरीफ फसलों के बीमा के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिले में मनाए जा रहे फसल बीमा माह के अंतर्गत ऋणी एवं अऋणी कृषकों की अधिसूचित खरीफ फसलों का व्यापक स्तर पर बीमा किया जा रहा है। किसान 31 जुलाई 2026 तक अपनी फसल का बीमा कराकर प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले संभावित नुकसान के विरुद्ध आर्थिक सुरक्षा प्राप्त कर सकते हैं।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक पात्र किसानों का फसल बीमा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ग्राम स्तर पर प्रभावी जनजागरूकता गतिविधियाँ संचालित करने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि जिले का कोई भी पात्र किसान पीएम फसल बीमा योजना के लाभ से वंचित न रहे। कलेक्टर ने जिले के किसानों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी अधिसूचित खरीफ फसलों का बीमा कराने की अपील की है।
उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास भानु प्रकाश शर्मा ने बताया कि अतिवृष्टि, अल्पवृष्टि, ओलावृष्टि, बाढ़, सूखा तथा अन्य प्राकृतिक आपदाओं से फसल को होने वाली क्षति की स्थिति में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करती है।
