अपना शहर

'प्रभु जगन्नाथ' के जयघोषों से गूंजा शहर; भव्य रथयात्रा में 42 फीट ऊंचे रथ के साथ उमड़े हजारों श्रद्धालु: दिल्ली का प्रसिद्ध माधवास रॉक बैंड ने हरे नाम संकीर्तन प्रस्तुत कर आर्कषण का केंद्र रहा, विदेशी कीर्तन मंडल भी रथयात्रा में शामिल हुए

प्रभुश्री की रथयात्रा के साथ चलता रहा स्वच्छता अभियान, नगर निगम के स्वच्छता मित्रों ने दिया स्वच्छता का संदेश, नगर निगम के इस विशेष अभियान की नागरिकों ने सराहना की

ग्वालियर। शहर में इस्कॉन के तत्वावधान में शनिवार को प्रभुश्री जगन्नाथ जी की भव्य रथयात्रा जीवाजी क्लब से  दोपहर बाद शुरू हुई। भगवान श्रीजगन्नाथ अपने बड़े भाई बलदेव और बहन सुभद्रा के साथ विशेष रूप से तैयार 42 फीट ऊंचे हाइड्रोलिक रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले । बड़ी संख्या में श्रद्धालु रस्सियों से रथ खींचते हुए और "जय जगन्नाथ" और "हरे कृष्णा" के जयघोष लगा रहे थे । प्रभु जगन्नाथ जी के जयघोषों से शहर गूँज उठा और प्रभु की भक्ति में रथयात्रा मार्ग भक्तिमय माहौल बना रहा।

रथयात्रा का शुभारंभ जीवाजी क्लब से हुआ। विस अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने भगवान की पूजा-अर्चना और पारंपरिक छेरा पहंरा (स्वर्ण झाड़ू) सेवा के बाद यात्रा को रवाना किया। इसके बाद रथयात्रा निर्धारित मार्ग पर अचलेश्वर मंदिर की ओरआगे बढ़ गई।

इस बार की रथयात्रा कई मायनों में खास रही है। 42 फीट ऊंचे हाइड्रोलिक रथ को करीब 200 Kg पारंमपरिक फूलों से सजाया गया था। रथयात्रा में विदेश से आए कीर्तन मंडल, वृंदावन के श्रद्धालु और दिल्ली का प्रसिद्ध माधवास रॉक बैंड हरे नाम संकीर्तन प्रस्तुत कर रहे। रथयात्रा में पंचतत्त्व की भव्य पालकी भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी।

रथयात्रा जीवाजी क्लब के बाद अचलेश्वर मन्दिर, इंदरगंज चौराहा , दाल-बाजार, नया-बाजार, लोहिया बाजार, महाराज बाड़ा, नई सड़क और लक्ष्मीगंज होते हुए गोयल वाटिका पहुंची । यहां महाआरती, विशाल भंडारे और धार्मिक कार्यक्रमों के साथ यात्रा का समापन होगा।

यात्रा मार्ग पर भगवान जगन्नाथ जी के स्वागत के लिए कई  संगठनों ने स्वागत मंच, पुष्पवर्षा और जलपान की व्यवस्था की गई थी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मार्ग में भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद ले रहे थे।

प्रभुश्री की रथयात्रा के साथ चला स्वच्छता अभियान, नगर निगम के स्वच्छता मित्रों ने दिया स्वच्छता का संदेश, नगर निगम के इस विशेष अभियान की नागरिकों ने की सराहना 

ग्वालियर महानगर में भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथयात्रा के अवसर पर नगर निगम ग्वालियर ने स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए रथयात्रा मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाया। अचलेश्वर मंदिर से प्रारंभ हुई भव्य रथयात्रा के साथ-साथ नगर निगम के स्वच्छता मित्र लगातार सक्रिय रहे और यात्रा आगे बढ़ने के साथ ही सड़कों पर फैले फूल, पत्ते, पूजन सामग्री एवं अन्य कचरे को तत्काल साफ करते रहे।

नगर निगम के स्वच्छता मित्रों ने पूरे यात्रा मार्ग पर मुस्तैदी से कार्य करते हुए यह सुनिश्चित किया कि श्रद्धालुओं की आस्था के इस महापर्व के दौरान शहर की स्वच्छता भी बनी रहे। सफाई कर्मियों ने बिना किसी व्यवधान के यात्रा के पीछे-पीछे चलते हुए सड़क, चौराहों एवं प्रमुख मार्गों की निरंतर सफाई की, जिससे आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

इस अवसर पर नगर निगम ने श्रद्धालुओं एवं शहरवासियों से अपील की कि धार्मिक आयोजनों के दौरान स्वच्छता बनाए रखने में अपना सहयोग दें तथा कचरा इधर-उधर न फेंककर निर्धारित स्थानों पर ही डालें। स्वच्छता मित्रों की इस तत्परता और समर्पण ने यह संदेश दिया कि धार्मिक आस्था के साथ-साथ स्वच्छता भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

नगर निगम ग्वालियर द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान की नागरिकों ने सराहना की। यात्रा मार्ग पर मौजूद लोगों ने स्वच्छता मित्रों के कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास न केवल शहर को स्वच्छ बनाए रखते हैं, बल्कि समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ाते हैं। नगर निगम का यह अभियान धार्मिक आयोजनों के दौरान स्वच्छ एवं सुंदर ग्वालियर के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।हुआ।