ग्वालियर। बीज परीक्षण प्रयोगशाला में कराई गई जांच में धान-बीज का नमूना अमानक पाए जाने पर प्रगति बीज भण्डार शर्मा फार्म रोड प्रसादनगर चार शहर का नाका का बीज विक्रय पंजीयन निलंबित कर दिया गया है। इसी तरह प्रधान कृषि सेवा केन्द्र भितरवार व गिर्राज जी खाद-बीज भण्डार घाटीगांव से लिए गए धान के नमूने अमानक पाए जाने पर संबंधित धान बीज के लॉट के भण्डारण क्रय-विक्रय एवं परिवहन पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। उप संचालक किसान कल्याण व कृषि विकास एवं लायसेंसिंग अधिकारी बीज भानु प्रकाश शर्मा द्वारा इस आशय के अलग-अलग आदेश जारी किए गए हैं।
ज्ञात हो जिले के किसानों को राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप गुणवत्तायुक्त मानक खाद-बीज उपलब्ध कराने के लिये खाद-बीज भण्डारों से खाद-बीज के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जाँच कराई जा रही है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने विभागीय अधिकारियों को नमूने अमानक पाए जाने पर खाद-बीज के संबंधित लॉट के भण्डारण, क्रय-विक्रय एवं परिवहन पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित फर्मों के विक्रय पंजीयन के निलंबन व निरस्तीकरण की कार्रवाई करने के लिये भी कहा है। इसी कड़ी में उप संचालक कृषि द्वारा यह कार्रवाई की गई है।
