टॉप न्यूज़

"चेंबर चुनाव 2026 "; व्हाइट हाउस के विरोध के बाद भी दूसरी बार अध्यक्ष बने प्रवीण अग्रवाल, चुनाव में इस बार सबसे बड़ा उलटफेर अध्यक्ष पद पर देखने को मिला, डॉ अग्रवाल ने निर्दलीय चुनाव लड़कर पारस जैन को 617 वोट से हराया

रात 2 बजे तक चली मतगणना, हाल के वर्षों के सबसे अधिक रिकॉर्ड मतदान 92.78% रहा, इस चुनाव में व्यापारियों ने केवल पदाधिकारी ही नहीं चुने, बल्कि चेंबर की सियासत के नए समीकरण भी तय कर दिए

ग्वालियर चेंबर ऑफ कॉमर्स चुनाव 2026 के चुनाव में कुल 3437 मतदाताओं में से 3189 व्यापारियों ने मतदान किया, 6 प्रमुख पदों के लिए 13 प्रत्याशी मैदान में थे,पांच पदों पर व्हाइट हाउस और क्रिएटिव हाउस के बीच सीधा मुकाबला था

ग्वालियर में चैंबर ऑफ कॉमर्स चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से बीते रोज संपन्न हो गया। रात 2 बजे तक चली मतगणना के बाद बीती आधी रात ग्वालियर मध्य प्रदेश चैंबर ऑफ कॉमर्स के 2026 के चुनाव में अध्यक्ष पद के निर्दलीय दावेदार डॉ प्रवीण अग्रवाल ने जीत हासिल कर ली है, उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी पारस जैन को 617 वोटों से हराकर जीत हासिल की है।

मध्यप्रदेश चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के चुनाव के लिए शुक्रवार की सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हुआ था। निर्वाचन समिति ने मतदान को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की थीं। 

ग्वालियर चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चुनाव में इस बार कारोबारियों ने केवल पदाधिकारी नहीं चुने, बल्कि चेंबर की सियासत के नए समीकरण भी तय कर दिए है। वर्षों से आमने- सामने रहने वाले व्हाइट हाउस और क्रिएटिव हाउस के बीच हुए मुकाबले में इस बार सबसे बड़ा उलटफेर अध्यक्ष पद पर देखने को मिला है, जहां व्हाइट हाउस से टिकट नहीं मिलने पर बागी हुए डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने निर्दलीय चुनाव लड़कर व्हाइट हाउस के पारस जैन को 617 वोट से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा कर लिया। चुनाव में कुल 3437 मतदाताओं में से 3189 व्यापारियों ने मतदान किया। 92.78% मतदान के साथ यह हाल के वर्षों के सबसे अधिक मतदान वाले चुनावों में शामिल रहा। 

निर्वाचन अधिकारी विजयवर्गीय के अनुसार, 6 प्रमुख पदों के लिए 13 प्रत्याशी मैदान में थे। पांच पदों पर व्हाइट हाउस और क्रिएटिव हाउस के बीच सीधा मुकाबला हुआ, जबकि संयुक्त अध्यक्ष पद पर तीन प्रत्याशियों के कारण मुकाबला त्रिकोणीय रहा। व्हाइट हाउस ने मानसेवी सचिव पद पर दीपक अग्रवाल, संयुक्त सचिव पद पर दीपक पमनानी और कोषाध्यक्ष पद पर मनोज अग्रवाल को जिताकर तीन पद अपने नाम किए। वहीं क्रिएटिव हाउस ने संयुक्त अध्यक्ष पद पर सुरेश बंसल और उपाध्यक्ष पद पर संदीप नारायण अग्रवाल की जीत के साथ दो महत्वपूर्ण पद हासिल किए।


सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच चुनाव प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई, 100 मीटर दायरे में हथियार, मोबाइल और कैमरों पर प्रतिबंध रहा

चैंबर चुनाव के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। चैंबर भवन के 100 मीटर दायरे में प्रचार-प्रसार, हथियार, मोबाइल फोन और कैमरों पर प्रतिबंध रहा। विशेष जरूरत वाले मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई थी। मतदान केंद्र पर प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग गेट निर्धारित किए गए थे, जिससे पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।