ग्वालियर। वार्ड क्रमांक 55 के अंतर्गत गुड़ा-गुड़ी का नाका स्थित मुक्तिधाम के समीप रिटेनिंग वॉल (बाउंड्री वॉल) गिरने की दुखद घटना को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं अन्य संबंधित पहलुओं की जांच के लिए चार सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है। समिति को सात दिवस के भीतर जांच पूर्ण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
निगम आयुक्त संघ प्रिय द्वारा जारी आदेश के अनुसार गुड़ा-गुड़ी का नाका स्थित मुक्तिधाम के पास रिटेनिंग वॉल का निर्माण कार्य वर्ष 2025 में कराया गया था। 19 जुलाई 2026 को उक्त दीवार गिरने से दो व्यक्ति घायल हो गए, जबकि एक महिला की दुखद मौत हो गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने का निर्णय लिया गया है।
नगर निगम आयुक्त द्वारा गठित चार सदस्यीय समिति में अपर आयुक्त मुनीष सिंह सिकरवार, नगर निवेशक सुरेश अहिरवार, प्रभारी सहायक यंत्री राजीव सोनी तथा प्रभारी कार्यालय अधीक्षक (जनकार्य) राजीव जायसवाल को सदस्य बनाया है।
आदेश में समिति को निर्देशित किया गया है कि वह घटना-स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता, तकनीकी तथ्यों एवं अन्य संबंधित पहलुओं की विस्तृत जांच करते हुए सात दिवस के भीतर अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करे, ताकि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक एवं विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
सहायक यंत्री एवं उपयंत्री को कारण बताओं नोटिस
नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने वार्ड 55 में आज रविवार सुबह हुए हादसे को लेकर सहायक यंत्री राकेश कुशवाहा एवं तत्कालीन कार्यरत उपयंत्री बृजेश राजपूत को सौंपे गए कार्य में लापरवाही बरतने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
