राजनीति

"दतिया विधान सभा उप-निर्वाचन-2026" ; 1.06 करोड़ रुपये से अधिक की नगदी और सामग्री जब्त, लगातार सघन कार्रवाई जारी, कार्रवाई के दौरान 15 हजार 556 लीटर शराब भी जब्त

आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ़ सख्त कार्रवाई जारी है, दतिया में 30 जुलाई को सार्वजनिक अवकाश घोषित, सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया आदेश

भोपाल। दतिया विधानसभा उपनिर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। अब तक कुल 1 करोड़ 6 लाख 37 हजार 702 रुपये से अधिक मूल्य की नगदी, अवैध शराब एवं अन्य सामग्री जब्त की गई है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एफएसटी (फ्लाइंग स्क्वॉड टीम), एसएसटी (स्टेटिक सर्विलांस टीम) एवं अन्य जांच दलों द्वारा अब तक 85 लाख 82 हजार 400 रुपये की नगद राशि जब्त की गई है। इसके अलावा कार्रवाई के दौरान 15 हजार 556 लीटर शराब भी जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 19 लाख 49 हजार 302 रुपये आंकी गई है। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए निगरानी दलों द्वारा जिले में लगातार जांच एवं कार्रवाई जारी है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दतिया में 30 जुलाई को सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाश घोषित

राज्य शासन ने विधानसभा उप चुनाव के लिए 22-दतिया विधानसभा क्षेत्र में 30 जुलाई गुरूवार को सार्वजनिक अवकाश तथा सामान्य अवकाश घोषित किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश अनुसार जिला दतिया के निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक-22 में 30जुलाई (गुरूवार) को होने वाले विधानसभा उप चुनाव के लिए निर्वाचन क्षेत्र में मतदान के दिन सार्वजनिक अवकाश तथा सामान्य अवकाश का दिन रहेगा।