ग्वालियर। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से ग्वालियर सांसद भरत सिंह कुशवाह ने नई दिल्ली में सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर सांसद ने ग्वालियर में “विकसित खेती-समृद्ध किसान” विषय पर भव्य कृषि मेला एवं किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कराने के संबंध में अनुरोध पत्र सौंपा।
सांसद कुशवाह ने कहा कि कृषि मेले के आयोजन से ग्वालियर संसदीय क्षेत्र के हजारों किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र के शीर्ष वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों द्वारा किसानों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), ड्रोन तकनीक, प्राकृतिक खेती, उन्नत बीजों, नवीन कृषि उपकरणों तथा कृषि आधारित नवाचारों के संबंध में प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कृषि मेला किसानों के लिए ज्ञानवर्धन और तकनीकी उन्नयन का प्रभावी मंच सिद्ध होगा। इससे किसानों को आधुनिक एवं लाभकारी खेती की नई विधियों को अपनाने में मदद मिलेगी, जिससे उनकी आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने का मार्ग प्रशस्त होगा।
सांसद कुशवाह ने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन क्षेत्र के किसानों को आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा कृषि क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।
