क्राइम

दिन में बनाई थी नई सड़क ; पिता-पुत्र ने रात में जेसीबी से खोद डाली, सूचना पहुंचे निगम कर्मचारियों को पिता-पुत्र ने दी जान से मारने की धमकी, शा.कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज

उपनगर के वार्ड-11 में कबीर पार्क के सामने प्रसाद नर्सिंग होम वाली गली गोसपुरा नंबर 2 में काफी समय से क्षतिग्रस्त सड़क का निर्माण कार्य निगम ने बीते दिनों ही कराया था

ग्वालियर। नगर निगम द्वारा वार्ड-क्र 11 में डाली गई नई सड़क को रात के समय जेसीबी की मदद से पिता एवं पुत्र ने खोद दी। स्थानीय लोगों ने इस घटना की सूचना नगर निगम अधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी ने पुलिस में शासकीय कार्य में बाधा डालने का ग्वालियर थाने में मामला दर्ज कराया है। 

वार्ड क्रमांक 11 स्थित कबीर पार्क के सामने प्रसाद नर्सिंग होम वाली गली गोसपुरा नंबर 2 में काफी समय से क्षतिग्रस्त सड़क का निर्माण नगर निगम द्वारा बीते दिन ही कराया गया था। सड़क निर्माण कार्य के दौरान सड़क डालने से डालचंद्र कुशवाह एवं उसके पिता भागीरथ कुशवाह निवासी वार्ड 11 स्थित कबीर पार्क के सामने प्रसाद नर्सिंग होम वाली गली गोसपुरा नंबर 2 ने निगम के कर्मचारियों एवं ठेकेदार को रोका गया। इस दौरान नगर निगम कर्मचारियों ने पिता-पुत्र को समझाया गया, जिसके बाद उन्होंने सड़क डालने दी। सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद नगर निगम का अमला वापस लौट आया, इसके बाद रात में करीब 10 बजे डालचंद्र  एवं उसके पिता भागीरथ कुशवाहा ने जेसीबी की मदद से दिन में बनाई नई सड़क को 20 से 25 मीटर तक खोद दी। सूचना मिलने पर कर्मचारी शिवप्रताप एवं समीर सिंह तोमर मौके पर पहुंचे तो उन्हें वहां पर डालचंद्र एवं उसके पिता भागीरथ कुशवाह ने जान से मारने की धमकी दी ।

 इस घटना की सूचना कर्मचारियों ने नगर निगम के क्षेत्राधिकारी  रामू सिंह को दी। क्षेत्राधिकारी ने डालचंद्र कुशवाह एवं उसके पिता भागीरथ कुशवाह  के खिलाफ ग्वालियर थाने में शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रकरण दर्ज कराया है।