क्राइम

अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई; लगभग 5.40 लाख रुपये का गुड़ लहान नष्ट किया, मुखबिर की सूचना पर आबकारी दल ने छापामार कार्रवाई की,आरोपियों के खिलाफ 4 प्रकरण दर्ज

भितरवार सर्किल के चीनोर क्षेत्र के चमेली का चक, दुबहा- दुबही एवं लाल डांडा क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण की सूचना पर आबकारी विभाग ने दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की गई है

ग्वालियर। जिले में अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध कलेक्टर  रुचिका चौहान के निर्देश पर आबकारी विभाग द्वारा लगातार विशेष अभियान  चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भितरवार वृत्त के चीनोर क्षेत्र अंतर्गत चमेली का चक, दुबहा-दुबही एवं लाल डांडा क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण की सूचना पर आबकारी विभाग ने दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर आबकारी दल ने संबंधित क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान प्लास्टिक की टंकियों एवं जमीन में बने गड्ढों से कुल 5400 किलोग्राम गुड़ लहान बरामद किया गया। मौके पर गुड़ लहान के नमूने लेकर शेष सामग्री को फैलाकर नष्ट किया गया। साथ ही एक लोहे की भट्ठी भी बरामद की गई।

इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 4 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। नष्ट किए गए गुड़ लहान एवं बरामद लोहे की भट्ठी का अनुमानित मूल्य लगभग 5 लाख 40 हजार रुपये बताया गया है।

इस कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक सतेंद्र सिंह मीणा, शिवा रघुवंशी तथा आरक्षक कपिल गुगनानी, उदयवीर गुर्जर, राहुल त्यागी, मातादीन धाकड़ एवं अन्य स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।