राजनीति

स्वास्थ्य सेवाओं में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी: ऊर्जा मंत्री ने सिविल अस्पताल हजीरा का 48 घंटे में दूसरी बार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और प्रबंधों का जायजा लिया

आईसीयू में पहुंचे ऊर्जा मंत्री ने बुजुर्ग के पैर दबाए, साथ ही मरीजों को दिए जाने वाला भोजन स्वयं ग्रहण कर परखी गुणवत्ता

ग्वालियर। उपनगर ग्वालियर स्थित सिविल अस्पताल हजीरा की स्वास्थ्य सेवाओं को चुस्त-दुरुस्त और गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने के लिए बुधवार को ऊर्जा मंत्री  प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बीते 48 घंटे में दूसरी बार औचक निरीक्षण कर वहाँ की व्यवस्थाओं और चिकित्सकीय प्रबंधों का जायजा लिया। 

ऊर्जा मंत्री तोमर ने आईसीयू, जरनल बार्ड में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में लगा एसी खराब होने पर अस्पताल प्रबंधन को फटकार लगाते हुए तुरंत दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इस दौरान ऊर्जा मंत्री तोमर ने आईसीयू में भर्ती भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता कोक सिंह राठौर के पैर दबाकर सेवा भाव व्यक्त किया। उन्होंने अस्पताल प्रवंधन को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मरीजों के उपचार एवं खान-पान की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भोजन की गुणवत्ता स्वयं भोजन कर जाँची

इस दौरान मंत्री तोमर ने दाल, चावल एवं अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता का अवलोकन किया तथा अस्पताल की रसोई (किचन) में पहुँचकर मरीजों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की स्वयं भोजन ग्रहण कर जाँच की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपचाररत मरीजों तथा उनके परिजनों से मिलकर उनकी समस्याएं और फीडबैक लिया।

ऊर्जा मंत्री तोमर ने निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को सुधारने के लिए चिकित्सालय अधीक्षक तथा संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों और अन्य सहयोगी कर्मियों की उपस्थिति और मरीजों को दिए जा रहे इलाज की समीक्षा। अस्पताल के कमरों, गलियारों और शौचालयों में स्वच्छता के स्तर को देखा।फार्मेसी स्टोर में आवश्यक और जीवन रक्षक दवाओं की पर्याप्तता के सम्बन्ध में जानकारी ली।

   निरीक्षण के बाद मंत्री अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित रखने और सेवाओं में और अधिक सुधार लाने के संबंध में उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने समय-समय पर अस्पताल के निरीक्षण करने का मुख्य उद्देश्य ग्वालियर की स्वास्थ्य सुविधाओं साफ- सफाई, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों के इलाज की गुणवत्ता की जांच करना और कमियों को दूर करना है। यह प्रक्रिया मरीजों की सुरक्षा और बेहतर चिकित्सा सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से की जाती है।है।