ग्वालियर। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने गुरुवार को उपनगर ग्वालियर के वार्ड 5 में 1.42 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम प्रशासन, विद्युत वितरण कंपनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पार्षदगण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि आज का दिन हमारे हमारे लिए एक ऐतिहासिक और अत्यंत शुभ दिन है। आज हम सब मिलकर अपने क्षेत्र में विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन कर रहे हैं। यह भूमिपूजन सिर्फ ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं है, बल्कि यह हमारे क्षेत्र के सुनहरे भविष्य और विकास की एक नई नींव है। उन्होंने कहा हमारा लक्ष्य है कि ग्वालियर को विकास की दृष्टि से एक आदर्श और विकसित क्षेत्र बनाया जाए। उन्होंने कहा विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। यह निर्माण कार्य तय समय-सीमा के भीतर और पूरी मजबूती के साथ पूरे किये जाएंगे। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस मौके पर ऊर्जा मंत्री ने सहयोग के लिए सभी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि विकास की इस यात्रा में आप सभी का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। निर्माण कार्य के दौरान थोड़ी असुविधा हो सकती है, लेकिन एक बेहतर कल के लिए हमें थोड़ा धैर्य रखना होगा। यह आपकी संपत्ति है, इसलिए इसकी देखभाल करना और निर्माण कार्यों पर निगरानी रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए संकल्पित सभी जन-प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और विशेष रूप से आप सभी क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपेक्षा है कि हम सब मिलकर ग्वालियर के विकास के इस नए अध्याय की शुरुआत करें।
इस दौरान ऊर्जा मंत्री ने आनन्द नगर ए-ब्लॉक में राकेश सक्सैना के मकान के पास आयोजित कार्यक्रम में 33.47 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाली सीमेंट कांक्रीट रोड़ का भूमिपूजन किया। इसके बाद आनन्द नगर बी-ब्लॉक टावर वाली गली में 98 लाख रुपए की लागत से नाला निर्माण का भूमिपूजन किया। तदोपरान्त सागर विहार कॉलोनी स्थित नौ खन की पुलिया के पास आयोजित कार्यक्रम में 11.15 लाख रुपए की लागत से गली में सीमेंट कांक्रीट रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
उपनगर के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण करने पहुंचे ऊर्जा मंत्री
बीते रोज गुरुवार को ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर उपनगर ग्वालियर के चंदनपुरा, विनय नगर और शब्द प्रताप आश्रम इलाकों में जन समस्याओं के निराकरण तथा विकास कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे। गुरुवार सुबह भोपाल से ग्वालियर पहुंचते ही ऊर्जा मंत्री तोमर ने उपनगर ग्वालियर के वार्ड नंबर 16 स्थित चंदनपुरा में निर्माणाधीन सिंधिया पार्क का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने पेविंग ब्लाक लगाने, वाटर हार्वेस्टिंग करने स्ट्रीट लाइट व्यवस्था कराने तथा ओपन जिम खोलने के साथ ही सामुदायिक भवन की छत्त का निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने चंदनपुरा स्थित निर्माणाधीन नवीन नाले का निरीक्षण करते हुए कार्य की गुणवत्ता बेहतर रखने की बात कही। साथ ही सिंधिया पार्क के नजदीक स्थित पुराने नाले में गंदगी देखकर नगर निगम अधिकारियों से नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि बरसात से पहले 20 दिन के अंदर मुझे इस लाइन में सुपर सकर मशीन से सफाई दिखनी चाहिए। अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही होगी। उन्होंने चंदनपुरा क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान सीवर लाइन, नाला एवं पार्क की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री ने रमटापुरा में निर्माणाधीन नवीन सीवर लाइन का भी निरीक्षण किया। इसके बाद सुपर सकर मशीन द्वारा चल रहे सीवर सफाई अभियान के तहत विनय नगर सेक्टर एक में सफाई कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने चंदनपुरा स्थित सब्जी मंडी में सब्जी विक्रेताओं से संवाद किया तथा एक बुजुर्ग महिला से आत्मीयता के साथ बातचीत करते हुए पूछा कि अम्मा कोई दिक्क़त तो नहीं है, तो बुजुर्ग महिला ने ठंडे पानी के लिए व्यवस्था कराने की आवश्यकता बताई। जिस पर तत्काल कार्यवाही करते हुए मंत्री ने सब्जी मंडी में तुरंत वाटर कूलर लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि गर्मी के इस मौसम में आमजन, व्यापारियों एवं श्रमिक भाइयों-बहनों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। जनता की हर छोटी-बड़ी समस्या का समाधान करना ही हमारा दायित्व है। इस अवसर पर नगर निगम, विधुत विभाग, पीएचई, जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
