क्राइम

रात में खाना नहीं मिलने पर फायरिंग करने वाला एक बदमाश गिरफ्तार: ग्वालियर में होटल संचालक पर सीधे गोली चलाई थी, बमुश्किल बची जान

रात में खाना पार्सल कराने पर विवाद में होटल संचालक पर जानलेवा फायर करने वाले आरोपी को हजीरा पुलिस ने चंद घंटे में दबोचा, हजीरा थाना पुलिस की बदमाशों के खिलाफ त्वरित कार्यवाही

ग्वालियर। उपनगर के हजीरा चौराहा स्थित करिश्मा होटल पर सोमवार-मंगलवार की आधी रात को करीब 1:30 बजे खाना पार्सल कराने पर हुए विवाद में होटल संचालक पर जानलेवा फायर करने वाले आरोपी को ग्वालियर पुलिस ने चंद घंटों में ही गिरफ्तारी का दावा किया है। आधी रात में खाना न मिलने पर यह फायरिंग की घटना हुई थी । पुलिस ने मामले में एक बदमाश सूरज गौड़ को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

 पुलिस के अनुसार फरियादी रवि तोमर निवासी रसूलाबाद हजीरा ग्वालियर ने हजीरा थाना में रिपोर्ट में बताया है कि उसका करिशमा होटल हजीरा चौहारा पर है। बीती 19 मई की रात में खाना पार्सल कराने के लिये दो बाइक से सूरज गौड, करन बाथम तथा उसके दो साथी आये और उन्होनें कहा खाना पैक कर दो। होटल के स्टॉफ के लड़के सागर ने कहा कि रात हो गई होटल बंद करके जा रहे हैं। इसी बात पर चारों लोग उससे   गंदी गालियां देने लगे और सागर की मारपीट करने लगे, इसी बीच होटल मालिक रवि तोमर और उनका भाई अमित बीच बचाव कराने आये तो चारों बदमाश होटल वालों से भी झगड़ा करने लगे और चारों ने धमकी देते हुए कहा कि खाना पैक नही करोगे तो गोली मारकर जान से खत्म कर देगे। इस बीच करन बाथम मौके से भागकर गया और थोड़ी देर में ही वह कट्टा लेकर आया और होटल मालिक को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी । फायरिंग में होटल मालिक और उसके भाई ने बमुश्किल टेबलों के नीचे छिपकर जान बचाई। होटल मालिक का भाई अमित बाल बाल बच गये और जब अमित जान बचाकर गली मे भागा तो करन बाथम तथा उसके तीनों साथी  अमित के पीछे कट्टा लेकर भाग गए । फरियादी की रिपोर्ट पर  थाना हजीरा में आरोपियों के खिलाफ अप0क्र0-143/26 धारा 115(2),296(बी),109(2),3(5) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया  था। 

मामला प्रकाश में आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर  धर्मवीर सिंह द्वारा एएसपी अनु बेनीवाल को थाना हजीरा पुलिस की टीम से प्रकरण में वांछित सभी आरोपियों को शीघ्र पकड़वाने के लिए निर्देशित किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों पर सीएसपी महाराजपुरा नागेन्द्र सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी हजीरा द्वारा थाना बल की टीम को प्रकरण में वांछित फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए लगाया गया। 

प्रकरण की विवेचना के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि फायरिंग कांड का वांछित एक आरोपी अबंतिका गार्डन के पास मरघट रोड पर खड़ा है। इस पिन पॉइंट सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पहुँची तो गार्डन के पास मरघट रोड पर एक व्यक्ति बाइक क्र- एमपी07- एमएन- 2342 के ऊपर बैठा था, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबोच लिया । पूछताछ में उसने अपना नाम सूरज पुत्र रामसेवक गौड निवासी काली माता मंदिर के पास चार शहर का नाका हजीरा का होना बताया। पकड़े गये बदमाश से इस प्रकरण में पूछताछ करने पर उसने करिश्मा होटल वालों के साथ मारपीट करना स्वीकार किया तथा इस बाइक से ही करिश्मा होटल जाना बताया। इसके बाद  पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक को जब्त कर आरोपी को थाना हजीरा के अपराध सदर में गिरफ्तार किया। थाना हजीरा पुलिस द्वारा आरोपी से इस प्रकरण में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। 

 ग्वालियर पुलिस ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अन्य तीन फरार आरोपियों की पहचान भी हो गई है , उनकी तलाश जारी है।

*जब्त वाहनः-* घटना में प्रयुक्त मोटर सायकिल क्र.-एमपी07 -एमएन-2342 को जब्त किया है।

*सराहनीय भूमिका:-* इस कार्यवाही में थाना प्रभारी हजीरा निरीक्षक जितेन्द्र सिंह तोमर, सउनि. यशवंत सिंह, प्रआर. अनिल गुप्ता, आरक्षक सुभाष कुशवाह, अनिल पोरसिया, अनिल नरवरिया की सराहनीय भूमिका रही।रही।