ग्वालियर। ग्वालियर पुलिस को प्रतिदिन मोबाइल गुम होने संबंधी आवेदन सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से प्राप्त हो रहे हैं। जिस पर से SSP धर्मवीर सिंह द्वारा ASP विदिता डागर, ASP ट्रैफ़िक अनु बेनीवाल , ASP शहर क्राइम सुमन गुर्जर एवं ASP ग्रामीण जयराज कुबेर को अपने अधीनस्थ थाना क्षेत्रों में गुम मोबाइलों को ट्रेस कराने के लिए निर्देशित किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर (पश्चिम /अपराध) द्वारा इन सभी गुम मोबाइलों को साइबर सेल ग्वालियर की टीम से ट्रेस कराकर उनकी शीघ्र बरामदगी कराने के लिए लगाया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में डीएसपी क्राइम नागेन्द्र सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन में प्रभारी साइबर सेल रजनी सिंह रघुवंशी द्वारा मोबाइल गुम होने संबंधी प्राप्त आवेदनों पर कार्यवाही करने के लिए साइबर सेल की टीम को लगाया गया। साइबर सेल टीम द्वारा इन आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए विगत 02 माह की अवधि मे CEIR PORTAL के माध्यम से विभिन्न कम्पनियों के 571 मोबाइलों को देश के अलग-अलग राज्यों एवं शहरों से बरामद किया गया है, जिनकी कुल कीमत लगभग 01 करोड़ 41 लाख रूपये है।
इन सभी आवेदक गणों के मोबाइल भी गुम हुए थे। सभी आवेदकों द्वारा मोबाइल गुम होने की शिकायत सीईआईआर पोर्टल पर की गई थी। साइबर सैल द्वारा त्वरित कार्यवाही कर मोबाईल बरामद किये गये। जिन्हें बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा समस्त मोबाईल धारकों को प्रदाय किये गये। अपना मोबाइल प्राप्त कर सभी मोबाइल धारकों के चेहरे पर पुनः मुस्कान लौट आई। सभी मोबाइल मालिकों द्वारा मोबाइलों के वापिस मिलने पर पुलिस अधिकारियों एवं साइबर सेल की टीम को धन्यवाद किया है।
ग्वालियर पुलिस द्वारा उन नागरिकों को भी प्रोत्साहन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदाय किये गये हैं- जिनमें गौरव जैन, गौरव करासिया, भूपेन्द्र सिंह भदौरिया, आशीष उपाध्याय, सतेन्द्र यादव (चालक 112) शामिल हैं, जिन्होने जागरुक नागरिक होने का कर्तव्य निर्वहन करते हुये लावारिस मिले मोबाइलों को साइबर सेल में आकर स्वयं जमा कराकर सराहनीय कार्य किया। पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने साइबर सेल की टीम को इस सराहनीय कार्य के लिए पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
