क्राइम

घासमंडी की पानी टंकी में सांप की सूचना अफवाह! वायरल वीडियो बनाने वाले युवकों ने माफी मांगी , शरारती युवकों ने सोशल मीडिया पर वायरल होने वीडियो बनाया था

निगम अमले ने सांप ले जाते देखा था, युवकों को मौके पर रोका भी था, इसके बाद निगम प्रशासन ने सुरक्षा दृष्टि से क्षेत्र की सप्लाई रोक दी थी और टंकी की साफ-सफाई कराई

ग्वालियर। घास मंडी स्थित पानी की टंकी में सांप होने की सूचना  पूरी तरह अफवाह थी। शरारती युवकों द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल करने के उद्देश्य से वीडियो बनाया गया था। नगर निगम कर्मचारियों ने युवकों को सांप ले जाते हुए देखा था और उन्हें मौके पर रोका भी था।

जानकारी मिलते ही नगर निगम प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित क्षेत्र की पानी सप्लाई अस्थायी रूप से रोक दी गई तथा पानी की टंकी की साफ-सफाई कराई गई। नगर निगम आयुक्त  संघ प्रिय के निर्देश पर अपर आयुक्त प्रदीप तोमर ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी ली।

नगर निगम अधिकारियों द्वारा पूछताछ किए जाने पर युवकों ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और माफी मांगी। जांच के दौरान पानी की टंकी में किसी प्रकार का सांप नहीं मिला। इसके बावजूद नागरिकों की सुरक्षा और स्वच्छ पेयजल व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए टंकी की सफाई कराई गई।

नगर निगम प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि बिना पुष्टि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न करें, क्योंकि इससे अनावश्यक भ्रम और भय की स्थिति उत्पन्न होती है।