ग्वालियर। श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेले की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। मेले में साफ-सफाई के कार्य को भी तेजी के साथ किया जा रहा है। इसके साथ ही जल प्रदाय के लिए नलकूप खनन का कार्य भी अंतिम चरण में है। मेले में अब तक 240 दुकानों का आधिपत्य मेला प्राधिकरण द्वारा दिया जा चुका है।
मेले में दुकानों को सजाने का कार्य भी दुकानदारों द्वारा तेजी से किया जा रहा है। 25 दिसम्बर तक आवंटित दुकानें संचालन की स्थिति में नहीं पाई गईं तो ऐसे दुकानदारों के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी। संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने ग्वालियर व्यापार मेले में जिन लोगों को दुकाने आवंटित की हैं उन्हें तत्काल कार्य प्रारंभ करने को कहा है। इसके साथ ही मेले की सभी तैयारियां तेजी के साथ पूर्ण करने की हिदायत भी दी है। मेले में रिक्त दुकानों के लिये ऑनलाइन आवेदन 2 दिसम्बर से किए जा सकेंगे। पोर्टल पर रिक्त दुकानों में इलेक्ट्रोनिक सेक्टर, झूला सेक्टर, जनरल एवं फर्नीचर व कपड़ा सेक्टर अलग से प्रदर्शित हो रहे हैं।
इच्छुक आवेदक अपनी पसंद की दुकानों के लिये ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर दुकानें आवंटित की जायेंगीं। मेला सचिव सुनील त्रिपाठी ने बताया कि ग्वालियर मेले में जिन दुकानों को आधिपत्य प्राप्त हो गया है उनके द्वारा दुकानों को सजाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। झूला सेक्टर में भी तेजी के साथ झूले स्थापित करने की कार्रवाई की जा रही है। मेले की साफ-सफाई का अभियान भी तेजी के साथ किया जा रहा है। इस वर्ष मेला पूरी तरह से 25 दिसम्बर से प्रारंभ हो जायेगा।
ग्वालियर मेला परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चला; दुकानों एवं छत्रियों की सफाई कर निकाला अनेक डम्पर कचरा
सोमवार को नगर निगम ग्वालियर द्वारा ग्वालियर व्यापार मेले के आयोजन को लेकर मेला परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा मेला परिसर में दुकानों, छत्रियों एवं मुख्य सडकों की सफाई कर कई डम्पर कचरा मेला परिसर से हटवाया गया है।
स्वास्थ्य अधिकारी ग्वालियर के अनुसार नगर निगम आयुक्त संघप्रिय के निर्देशन एवं अपर आयुक्त टी प्रतीक राव व उपायुक्त अमरसत्य गुप्ता के नेतृत्व में ग्वालियर व्यापार मेले प्रांगण में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान जेसीबी,डम्पर एवं सफाई मित्रों के साथ मेला परिसर की सफाई के लिए दुकानों, छत्रियों , मुख्य सडकों की सफाई कराई गई तथा बडी मात्रा में बड़ी संख्या में डम्परों से कचरा भरवाया गया। अभियान के दौरान सहायक स्वास्थ्य अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों द्वारा सफाई कार्य का पर्यवेक्षण किया गया।
