ग्वालियर। जिले में बेमौसम बारिश से प्रभावित फसलों के सर्वेक्षण का कार्य अब अंतिम चरण में पहुँच गया है। राजस्व एवं कृषि विभाग के संयुक्त दलों द्वारा ग्राम स्तर पर सर्वेक्षण कार्य तेजी से किया जा रहा है।
गुरुवार को उर्वा सहित जिले के कई ग्रामों में सर्वे दल पहुँचे और किसानों की मौजूदगी में फसल क्षति का मूल्यांकन किया। इस दौरान क्रॉप कटिंग सेम्पलिंग की प्रक्रिया भी की गई, जिससे वास्तविक नुकसान का सटीक आंकलन हो सके।
सर्वे कार्य आरआई, पटवारी, वरिष्ठ एवं सहायक कृषि विस्तार अधिकारी तथा क्रॉप सर्वेयर द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। इसकी सतत निगरानी संबंधित एसडीएम एवं तहसीलदार कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार सर्वे कार्य पूरी पारदर्शिता और किसानों की संतुष्टि के साथ किया जा रहा है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सर्वे कार्य शीघ्र पूर्ण कर रिपोर्ट प्रेषित करें।
सभी तहसीलों से प्राप्त रिपोर्टों के आधार पर राज्य शासन द्वारा राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी 6-4) के प्रावधानों के अनुसार प्रभावित किसानों के खातों में राहत राशि अंतरित की जाएगी।
मेले में दुकानों के आवंटन प्रक्रिया अब 10 नवम्बर तक
श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला वर्ष 2025-26 के आयोजन की तैयारियां जारी हैं। वर्तमान में मेले की दुकानों का आवंटन एमपी ऑनलाईन पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है। ग्वालियर व्यापार मेले में दुकानें लगाने के इच्छुक व्यवसाइयों द्वारा अब तक कुल 1194 दुकानों के ऑनलाईन आवेदन किये जा चुके है। मेले में एमपी ऑनलाईन पोर्टल पर आवेदन करने की अंतिम तिथि अब आटो मोबाईल सेक्टर के लिए 8 नवम्बर एवं अन्य सभी सेक्टर के लिए 10 नवम्बर 2025 तक कर दी गई है।
