ग्वालियर। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग तथा मध्य प्रदेश लघु उद्योग निगम द्वारा एमएसएमई प्रदर्शन उन्नयन अभियान (रैम्प परियोजना) के तहत ग्वालियर में एक होटल में कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यशाला “बौद्धिक संपदा अधिकार एवं ऑनलाइन विवाद निवारण” विषय पर आयोजित हुई।हुई।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता बौद्धिक संपदा अधिकार विशेषज्ञ अजय चौबे ने उद्यमियों को पेटेंट, ट्रेडमार्क, कॉपीराइट, औद्योगिक डिजाइन आदि की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में नवाचारों और ब्रांड पहचान की कानूनी सुरक्षा हर उद्यम के लिए जरूरी है। सुनील कुमार ने ऑनलाइन विवाद निवारण प्रणाली के माध्यम से व्यापारिक विवादों के त्वरित, पारदर्शी और कम लागत में समाधान की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक सुनील कुमार त्रिपाठी एवं सहायक महाप्रबंधक अल्ताफ़ खान ने उद्योग विभाग की योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यशाला में ग्वालियर सहित आसपास के जिलों से आए अनेक सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों ने सक्रिय रूप से भाग लेकर इस आयोजन को उपयोगी बताया। कार्यक्रम का संचालन अनुरुद्ध दुबे, उपनिदेशक, पीएचडीसीसीआई द्वारा किया गया।
