ग्वालियर। गोला का मंदिर मुरैना रोड पर स्थित वीरांगना झलकारी बाई शा.कन्या महाविद्यालय के तत्वावधान में महिलाओं की जिला स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता आयोजित हुई। इस प्रतियोगिता में कड़े मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता में एमएलबी कॉलेज की टीम विजेता व एसओएस जीवाजी विश्वविद्यालय की टीम उपविजेता रही। विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार भी वितरित किए।
प्रतियोगिता में एमएलबी. कॉलेज, एसओएस. जीवाजी विवि, पीजीवी कॉलेज , वीआरजी कॉलेज तथा वीजेबी शासकीय कन्या महाविद्यालय की टीमों ने भाग लिया और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
यह प्रतियोगिता प्राचार्य केआरजी. कॉलेज डॉ. साधना श्रीवास्तव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य, वीरांगना झलकारीबाई शा. गर्ल्स कॉलेज डॉ. बीएल आहिरवार ने की।
प्रतियोगिता में डॉ. लखविंदर सिंह, वरिष्ठ खेल अधिकारी, एसएलपी. शासकीय महाविद्यालय तथा विभिन्न महाविद्यालयों के खेल अधिकारी उपस्थित रहे। समापन समारोह रामगोपाल आर्य, एसएमएस साइंस कॉलेज तथा यूएस त्रिपाठी, एमएलबी कॉलेज की उपस्थिति में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का सफल संचालन, अनुशासनपूर्ण वातावरण तथा उत्कृष्ट आयोजन डॉ. अंशु रानी और त्रिलोक सिंह चाहर के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम ने छात्राओं में खेल भावना, प्रतिस्पर्धा और टीमवर्क की भावना को प्रोत्साहित किया।
प्रतियोगिता के अंत में प्राध्यापक राजेन्द्र भदौरिया ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. साधना जैन सहित अन्य प्राध्यापक मौजूद थे।
