स्पोर्ट्स

राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल परिसर में भव्य आयोजन; ख्यात प्रशिक्षकों व खिलाड़ियों का सम्मान हुआ, मैत्रीपूर्ण हॉकी मैच खेला

मंत्री कुशवाह के मुख्य आतिथ्य एवं ऊर्जा मंत्री तोमर व सांसद कुशवाह की विशेष मौजूदगी में हुईं खेल प्रतियोगितायें, इस मौके पर सांसद भारत सिंह कुशवाह ने सांसद कप-2025 की घोषणा की

ग्वालियर। राष्ट्रीय खेल दिवस एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी की 120वी जन्म जयंती पर कम्पू जिला खेल परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण एवं सामाजिक न्याय व दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह के मुख्य आतिथ्य और ऊर्जा मंत्री  प्रद्युम्न सिंह तोमर व सांसद भारत सिंह कुशवाह की विशेष मौजूदगी में यह कार्यक्रम हुआ। इस अवसर पर विशेष रूप से बालिकाओं व महिलाओं एवं पुरुष वर्ग में चेयररेस व रस्साकसी प्रतियोगितायें आयोजित की गईं। साथ ही मैत्रीपूर्ण हॉकी मैच खेला गया।   

इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने आए खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों को सभी अतिथियों ने राष्ट्रीय खेल दिवस की बधाई एवं शुभकामनायें दी। साथ ही विभिन्न खेलों के ख्याति प्राप्त प्रशिक्षकों व वरिष्ठ खिलाड़ियों को सम्मानित किया। 

इस अवसर पर सर्वश्री अशोक पटसारिया, सचिव मध्यप्रदेश बॉलीबॉल संघ हरी सिंह चौहान, सचिव ओलंपिक संघ शिववीर सिंह भदौरिया, जिला हॉकी संघ के पदाधिकारी शत्रुघ्न सिंह जादौन, विक्रम अवार्डी अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी सुश्री नीलू दांडिया व करिश्मा यादव मंचासीन थीं। 

बालिका वर्ग चेयररेस प्रतियोगिता में कु. साजिया खान प्रथम व कु. साक्षी चौहान द्वितीय स्थान पर रहीं। महिला वर्ग में कमलेश नैनोरिया ने प्रथम व  वर्षा सोनी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सामूहिक रस्साकसी महिला वर्ग में महिला हॉकी अकादमी ग्वालियर पहले व महिला क्रिकेट टीम दूसरे स्थान पर रहीं। इसी प्रकार पुरुष वर्ग में शा. साइंस कॉलेज प्रथम व बॉक्सिंग फीडर सेंटर कम्पू दूसरे स्थान पर रहा। विजेता खिलाड़ियों व टीमों को पुरस्कार स्वरूप ट्रॉफी प्रदान की गईं। 

आरंभ में अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सभी को शपथ भी दिलाई गई। क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह द्वारा सांसद कप-2025 की घोषणा भी इस मौके पर की गई। 

कार्यक्रम का संचालन धर्मेंद्र ख्याति सेंगर व अंत में जिला खेल अधिकारी जोसेफ बक्सला ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।