स्पोर्ट्स

69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता; 15 खेलों की राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन मध्यप्रदेश में होगा, स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रतियोगिता स्थल और तारीखें तय की

स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इण्डिया ने नेशनल स्कूल चैंपियनशिप के लिए मप्र को 15 राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के आयोजन का दायित्व सौंपा है

भोपाल। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इण्डिया ने 69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के आयोजन में मध्यप्रदेश को 15 खेल विधाओं की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के आयोजन का दायित्व सौंपा है। स्कूल शिक्षा विभाग ने इन प्रतियोगिताओं के आयोजन स्थल और तिथियों का निर्धारण कर दिया है।

69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के आयोजन में प्रदेश में आयु वर्ग और आयोजन स्थल को लेकर वर्ष 2025-26 में प्रस्तावित तिथियाँ और स्थान लगभग तय किये जा चुके हैं। इनमें से नेशनल स्कूल चैंपियनशिप के बालिकाओं के दो आयु वर्ग 14-17 के हॉकी के मैच 02 से 07 जनवरी 2026 तक प्रस्तावित है। इसी प्रकार बालक/बालिका के सभी वर्गों की स्केटिंग विधाओं की राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन ग्वालियर में 15 से 20 दिसम्बर तक प्रस्तावित है। इसी तरह वॉलीवाल आयु वर्ग 19 -बालक/बालिका गाडरवाड़ा (नरसिंहपुर) में 13 से 17 नवम्बर 2025 तक प्रस्तावित है। मलखम्ब विधा के 14, 17, 19 बालक/बालिका वर्ग की प्रतियोगिता उज्जैन में 24 से 28 नवम्बर तक प्रस्तावित है। इसी प्रकार एथेलेटिक्स में 14 आयु वर्ग के बालक/बालिका के इंदौर में 01 से 04 दिसम्बर 2025 तक एथलीटों के मुकाबले प्रस्तावित है।

खिलाड़ियों को फिट इंडिया की शपथ दिलाई ; राष्ट्रीय खेल दिवस मेजर ध्यानचंद की 120वीं जयंती पर खेल मंत्री ने  पुष्पांजलि अर्पित की

राजधानी में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की 120वीं जयंती राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने तात्या टोपे स्टेडियम भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में मेजर ध्यानचंद को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि हॉकी के जादूगर, ‘पद्म भूषण’ मेजर ध्यानचंद ने विश्व हॉकी में भारत का परचम लहराया है। उनका जीवन साहस, अनुशासन और खेल भावना का अद्वितीय उदाहरण है, जो सदैव हम सभी को प्रेरित करता रहेगा। मंत्री सारंग ने खिलाड़ियों को फिट इंडिया की शपथ भी दिलाई।

प्रदेश में खेलों के प्रति बना सकारात्मक माहौल

मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में खेलों का अभूतपूर्व विकास हुआ है। फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया जैसे अभियानों ने हर आयु वर्ग में खेल और फिटनेस के प्रति नई जागरूकता पैदा की है। खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। आज भारत एशियाई खेलों, कॉमनवेल्थ और ओलंपिक जैसी प्रतियोगिताओं में ऐतिहासिक सफलताएँ हासिल कर रहा है और गाँव–गाँव तक खेल संस्कृति को नई पहचान मिल रही है।

31 अगस्त तक प्रदेश में होंगे खेल आयोजन
राष्ट्रीय खेल दिवस के तीन दिवसीय कार्यक्रमों के तहत 30 अगस्त को सुबह 11:30 बजे नर्मदा क्लब में खेल विषयक विशेष सेमिनार आयोजित किया जा रहा है। जिसमें स्पोर्ट्स इंजरी, साइकोलॉजी एवं एंटी-डोपिंग जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे बिचारपुर और सरदारपुर की महिला टीमों के बीच फुटबॉल मैच खेला जाएगा।
तीसरे दिन 31 अगस्त को सुबह 7:30 बजे राजधानी भोपाल में “संडे ऑन साइकिल” रैली का आयोजन होगा, जो राजा भोज सेतु से प्रारंभ होकर वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी पर खत्म होगी।