स्पोर्ट्स

राष्ट्रीय खेल दिवस पर स्वीमर्स का शानदार प्रदर्शन ; विधा भवन स्कूल ओवरऑल चैंपियन, जूनियर 50 मीटर फ्रीस्टाइल ग्रुप में वीर भारद्वाज ने गोल्ड जीता

तरण पुष्कर में जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता का रंगीन गुब्बारे छोड़कर शुभारम्भ, विजयी स्वीमर्स को मेडल, सर्टिफिकेट व पुरस्कार देकर पुरस्कृत किया

ग्वालियर। सभी खिलाडी खेल भावना से खेलते हुये लक्ष्य को हासिल करें और अपने सर्वश्रेष्ठ खेल का प्रदर्शन करें। नगर निगम ग्वालियर द्वारा निरंतर खेलों को बढावा देने के लिए विभिन्न वर्गों की खेल प्रतियोगिताओं को आयोजन किया जा रहा है। हमारा उद्देश्य है कि शहर से अधिक से अधिक प्रतिभावान खिलाड़ी देश एवं विश्व में ग्वालियर का नाम रोशन करें। यह विचार महापौर शोभा  सिकरवार ने राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में नगर निगम द्वारा आयोजित जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर व्यक्त किए। 

प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में नगर निगम, ग्वालियर द्वारा जिला तैराकी संघ के सहयोग से तरण पुष्कर पर जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आयोजन में महापौर शोभा सिकरवार, सभापति  मनोज तोमर, एमआईसी सदस्य एवं नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने खिलाडियों का प्रोत्साहन किया। 

इस अवसर पर सभापति मनोज सिंह तोमर ने कहा कि तैराकी सर्वश्रेष्ठ व्यायाम है, इससे शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वास्थ्य लाभ मिलता है। नगर निगम द्वारा इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करने का उद्देश्य शहर की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर मंच उपलब्ध कराना है। 

नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने इस अवसर पर कहा कि नगर निगम ग्वालियर द्वारा खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए निरंतर प्रयास किए जाते हैं कि प्रतियोगिता अच्छी हो एवं खिलाड़ियों को सभी आवश्यक सुविधाएं मिलें। निगम द्वारा शहर के खिलाड़ियों को अच्छी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। अच्छे खेल परिसर विकसित किए जा रहे हैं। जिससे खिलाडी अधिक से अधिक खेलकर शहर का नाम रोशन कर सके। 

कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत उपायुक्त सह नोडल अधिकारी सत्यपाल सिंह चौहन, जनसम्पर्क अधिकारी मधु सोलापुरकर, सहायक खेल अधिकारी विजेता सिंह चौहान, सहायक खेल अधिकारी जितेन्द्र यादव,  सहायक खेल अधिकारी नमन कौरव द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन सहायक खेल अधिकारी  अयोध्या शरण शर्मा तथा आभार आनन्द नामदेव द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में अतिथियों ने खिलाड़ियों व जिला तैराकी संघ के तकनीकी सदस्यों का परिचय प्राप्त किया। इसके बाद रंगीन गुब्बारे छोड़कर प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया तथा विजयी खिलाड़ियों को मेडल सर्टिफिकेट व पुरस्कार देकर पुरस्कृत किया। नगर निगम, ग्वालियर एवं जिला तैराकी टीम के मध्य मैत्रीपूर्ण वाटरपोलो का मैच भी खेला गया जिसमें नगर निगम, ग्वालियर 2-1 से विजयी रही। प्रतियोगिता की ओवरऑल चैंपियनशिप विधा भवन स्कूल की रही एवं द्वितीय व तृतीय स्थान एलएएचएस एवं भारतीय का रहा। तैराकी प्रतियोगिता में 10 वर्ष की कैटेगरी में 50 मीटर फ्रीस्टाइल के ग्रुप में वीर भारद्वाज प्रथम, आरव गोयल द्वितीय एवं गौरांग तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी कैटेगरी में गर्ल्स ग्रुप में अविष्का अग्रवाल ने प्रथम, डिम्पल कंवर ने द्वितीय, कामाख्या गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही विभिन्न श्रेणियों में अलग अलग कैटेगरी में आयोजित बॉयज एवं गर्ल्स समूह में प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। जिसमें विजयी खिलाडियों को मेडल प्रदान किए गए तथा सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को सर्टिफिकेट दिए गए।