अपना शहर

"स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26"; ग्वालियर की स्वच्छता को मिला सम्मान: 'स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी ऑफ MP’ के प्रतिष्ठित सम्मान से ग्वालियर को नवाज़ा गया, अब देश में नई पहचान बनाने का है लक्ष्य : निगमायुक्त

ग्वालियर को प्रदेश का पहला स्वच्छ शहर बनाने में शहरवासियों की जागरूकता, सफाई मित्रों का अथक परिश्रम और निगम के कर्मचारियों की प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण योगदान रहा है

शहर की इस उपलब्धि को पूरे ग्वालियर के लिए गौरव, उत्साह और नई प्रेरणा का अवसर बताते हुए ग्वालियर  के निगमायुक्त अभिषेक चौधरी ने स्वच्छता अभियान से जुड़े प्रत्येक नागरिक, सफाई मित्र और अधिकारीयों एवं कर्मचारीगण के योगदान की सराहना की है

ग्वालियर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में ग्वालियर को ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी ऑफ मध्यप्रदेश’ के प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजे जाने पर नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने समस्त शहरवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस उपलब्धि को पूरे ग्वालियर के लिए गौरव, उत्साह और नई प्रेरणा का अवसर बताते हुए स्वच्छता अभियान से जुड़े प्रत्येक नागरिक, सफाई मित्र, अधिकारी एवं कर्मचारी के योगदान की सराहना की।की।

निगम आयुक्त चौधरी ने कहा कि ग्वालियर को मध्यप्रदेश का प्रथम स्वच्छ शहर बनाने में शहरवासियों की जागरूकता, सफाई मित्रों का अथक परिश्रम और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों की प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। यह पुरस्कार किसी एक विभाग या व्यक्ति की सफलता नहीं, बल्कि पूरे शहर की एकजुटता और सामूहिक संकल्प का परिणाम है। ग्वालियर के नागरिकों ने स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

टीम वर्क के कारण प्रदेश में टॉप पर रहे हैं

"ग्वालियर में स्वच्छ सर्वेक्षण के दौरान किए गए प्रयासों को लेकर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने टीम वर्क और शहरवासियों के सहयोग को सफलता का आधार बताया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की पूरी टीम ने शहरवासियों के साथ मिलकर काम किया, जिसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिला है। इसी मेहनत के चलते ग्वालियर प्रदेश में पहले स्थान पर रहा। वहीं, ओवरऑल रैंकिंग की सूची दो दिन बाद जारी होने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान हमारी मंजिल नहीं, बल्कि स्वच्छता की दिशा में और बेहतर करने की नई शुरुआत है। नगर निगम इस उपलब्धि से प्रेरणा लेकर स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए नए उत्साह और दोगुने प्रयासों के साथ कार्य करेगा। शहर के प्रत्येक वार्ड, गली, मोहल्ले, बाजार और सार्वजनिक स्थल को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए विशेष कार्ययोजना के साथ निरंतर निगरानी और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा।

निगम आयुक्त ने शहरवासियों से भावपूर्ण अपील करते हुए कहा कि जिस एकजुटता और सहयोग से ग्वालियर ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है, उसी भावना को आगे भी बनाए रखें। घरों से निकलने वाले गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग देकर सफाई मित्रों का सहयोग करें, सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की जिम्मेदारी स्वयं भी निभाएं।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ ग्वालियर केवल नगर निगम का लक्ष्य नहीं, बल्कि हर नागरिक का सपना और जिम्मेदारी है। जब प्रत्येक ग्वालियरवासी स्वच्छता का प्रहरी बनेगा, तभी हमारा शहर स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकेगा।

आइए, मिलकर संकल्प लें – प्रदेश में नंबर-1 बने रहने के साथ ग्वालियर को राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छता का गौरव दिलाएं। स्वच्छ ग्वालियर, सुंदर ग्वालियर और गौरवशाली ग्वालियर हमारा सामूहिक संकल्प बने।

"बधाई हो ग्वालियर": स्वच्छता में ग्वालियर ने रचा नया इतिहास: मध्यप्रदेश राज्य का प्रथम स्वच्छ शहर बना: ऊर्जा मंत्री  तोमर ने दी बधाई

स्वच्छता के क्षेत्र में ग्वालियर शहर द्वारा एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करने पर ऊर्जा मंत्री  प्रद्युम्न सिंह तोमर ने समस्त ग्वालियरवासियों को बधाई दी है। स्वच्छ भारत मिशन-शहरी के अंतर्गत 60 से अधिक शहरों को विभिन्न श्रेणी में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के पुरस्कार समारोह में ग्वालियर को ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी ऑफ मध्यप्रदेश’ के प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित होने की घोषणा होते ही ऊर्जा मंत्री  प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि यह ग्वालियरवासियों द्वारा स्वच्छता के लिए चलाए गए महाअभियान का प्रतिफल है कि आज ग्वालियर ने प्रदेश के प्रमुख शहरों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि यह सम्मान न केवल ग्वालियरवासियों बल्कि ग्वालियर नगर निगम की कार्यप्रणाली और स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण तथा सामूहिक प्रयासों की बड़ी उपलब्धि है। ग्वालियर को प्रदेश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनने का गौरव प्राप्त होने पर ऊर्जा मंत्री  तोमर ने समस्त शहरवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे ग्वालियर का सम्मान है। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से सफलता मिली, अब स्वच्छता में नए कीर्तिमान बनाने का संकल्प ग्वालियर को मिला यह सम्मान शहर की स्वच्छता यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।