ग्वालियर। जिले में अवैध खनिज परिवहन और भंडारण के विरुद्ध खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 12 नवंबर को विभागीय टीम ने विक्की फैक्ट्री, बड़ागांव और बिजौली क्षेत्र में जांच अभियान चलाकर कुल 7 वाहन जब्त किए है। कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर गई खनिज विभाग की टीम द्वारा की गई जांच के दौरान रेत से भरी 4 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और 2 माजदा (छोटे वाहन) अवैध परिवहन करते पाए गए। इसके अलावा बिजौली क्षेत्र में डस्ट का अवैध परिवहन करते हुए 22 चक्का एक ट्रॉला भी पकड़ा है ।
प्रभारी जिला खनिज अधिकारी पंकजध्वज मिश्रा ने बताया कि खनिज विभाग की टीम ने सभी 7 वाहनों को जब्त कर संबंधित थानों की अभिरक्षा में रखवाया है। जब्त वाहनों के खिलाफ़ मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत कार्रवाई प्रस्तावित की जा रही है।
इस कार्रवाई में खनिज निरीक्षक रमाकांत तिवारी, प्रभारी खनिज निरीक्षक प्रशांत गुरैया एवं कमलेश अहिरवार, मैदानी अमला सहित होमगार्ड और पुलिस लाइन का बल मौजूद रहा। खनिज विभाग द्वारा जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
ग्वालियर में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान जारी, कार्रवाई में बीते दिनों 6 प्रकरण दर्ज , आबकारी दलों ने इन दिनों विशेष अभियान चलाया है
उधर जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री, संग्रहण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बीते दिनों विभाग की टीम ने गोकुलपुर चक, गिरवाई क्षेत्र, लधेड़ी, घाटीगांव और डबरा में दबिश देकर अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई की।
कलेक्टर रुचिका चौहान के आदेशानुसार, आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशन तथा सहायक आबकारी आयुक्त राज नारायण सोनी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। गोकुलपुर चक गांव की पहाड़ी पर स्थित कंजर डेरे में आबकारी बल ने सामूहिक दबिश देकर संदिग्ध स्थानों की तलाशी ली। हालांकि, यहां कोई अवैध मदिरा बरामद नहीं हुई।
वहीं, गिरवाई रोड स्थित बॉबी गुर्जर ढाबे से 12 पाव देशी प्लेन मदिरा, घाटीगांव में कमल आदिवासी के आधिपत्य से 18 पाव देशी प्लेन मदिरा और लधेड़ी क्षेत्र से 15 पाव देशी प्लेन मदिरा जब्त की गई। डबरा शहर की बाथम कॉलोनी में रणवीर सिंह राणा की दुकान से 23 पाव देशी मसाला मदिरा बरामद की गई।
इसके अलावा डबरा के ग्राम चिरपुरा में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई के दौरान लगभग 1300 kg गुड़ लाहन बरामद किया गया। विभागीय टीम ने परीक्षण के लिए इसका सैंपल सुरक्षित रखा और शेष गुड़ लाहन को मौके पर नष्ट कर दिया।
आबकारी विभाग के अनुसार, पूरी कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 6 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। कार्रवाई आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रवीण उपाध्याय के निर्देशन में की गई। इसमें अन्य सहायक जिला आबकारी अधिकारियों, वृत्त उपनिरीक्षकों और कार्यपालिक स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध नियमित गश्त एवं कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।रहेगी।
