राजनीति

"ग्वालियर के ग्राम कुलैथ में मुख्यमंत्री यादव के मुख्य आतिथ्य में 13 नवम्बर को होगा विशाल 'पशु-पालक सम्मेलन सह पशु मेला का आयोजन, कन्हैया लोकगीत, बैलगाड़ी व घोड़ा दौड़ जैसे पारंपरिक खेल भी होंगे

कलेक्टर एवं एसपी ने कुलैथ पहुँचकर तैयारियों का जायजा लिया, उन्होनें हैलीपेड, मुख्य मंच, प्रदर्शनी स्थल, पशु-पालकों व किसानों की बैठक व्यवस्था, बैलगाड़ी दौड़ व घोड़ा दौड़ स्थल आदि का बारीके से निरीक्षण किया

ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में शुक्रवार 13 नवम्बर को विशाल पशुपालक सम्मेलन सह पशु मेला का आयोजन होगा। किसान कल्याण वर्ष के तहत आयोजित होने जा रहे इस सम्मेलन में उत्कृष्ट पशुपालन व उन्नत खेती-किसानी पर केन्द्रित प्रदर्शनी भी लगेंगीं। साथ ही कन्हैया लोकगीत, पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़ एवं घोड़ा दौड़ जैसे आयोजन भी प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ग्वालियर जिले में कृषि, पशुपालन एवं अन्य विभागीय योजनाओं के तहत विभिन्न हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित करेंगे। कलेक्टर  रुचिका चौहान ने बुधवार को कुलैथ पहुँचकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।

इस मौके पर प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रुत कीर्ति सोमवंशी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  सोजान सिंह , अपर जिला दण्डाधिकारी सीबी प्रसाद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  जयराज कुबेर एवं एसडीएम अतुल सिंह, जुही गर्ग व प्रदीप कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। साथ ही  शिवराज सिंह यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी इस मौके पर मौजूद थे। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने हैलीपेड, मुख्य मंच, प्रदर्शनी स्थल, पशुपालकों व किसानों की बैठक व्यवस्था, बैलगाड़ी दौड़ व घोड़ा दौड़ स्थल इत्यादि का जायजा लिया।

 इस मौके पर कलेक्टर  चौहान ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से संबंधित दायित्वों का गंभीरता के साथ निर्वहन करें। व्यवस्थाओं को इस प्रकार से अंतिम रूप दें, जिससे पशुपालकों व किसानों सहित कार्यक्रम में भाग लेने आ रहे नागरिकों को कोई असुविधा न हो। साथ ही कार्यक्रम की सभी गतिविधियां सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित हो सकें।