ग्वालियर। राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद जयभान सिंह पवैया की पहल पर सामूहिक गोवर्धन पूजा महोत्सव का 25वाँ आयोजन सोमवार को भक्तिभाव के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में छप्पन भोग अर्पण करने के साथ ही आरती के बाद गौपूजन किया गया। इस पावन अवसर पर 1100 दीपों को स्वास्तिक आकृति में प्रज्वलित कर आतिशबाज़ी के साथ गिरिराज धरण के उदघोषों से वातावरण भक्तिमय हो उठा । सामूहिक गोवर्धन उत्सव राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष पवैया के ग्वालियर में भगत सिंह नगर स्थित स्थानीय निवास सेवापथ परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में उमड़े सामाजिक संगठनों, श्रद्धालुओं व जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
सेवापथ परिसर में पंचगव्य से निर्मित गोवर्धन जी मनोहारी विग्रह का वैदिक मंत्रोच्चार से पूजन व आरती की गई। इस अवसर पर राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष पवैया ने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति की परमेश्वर के रूप में पूजा है और गौवंश के उपकार के प्रति मनुष्य जाति की कृतज्ञता है । उन्होंने कहा कि त्योहारों की परम्परा भारत की समृद्धि और अखंडता के लिये यह जरूरी है । भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पूजा व गौसेवा का संदेश देकर मानव जाति को यही संदेश दिया । पूजन कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य यशवंत इंदापुरकर ने कहा कि गिरिराज जी पूजा का संदेश है कि समाज संगठित होकर ही सभी संकटों व विपत्तियों पर पार पा सकता है।
गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में सांसद भारत सिंह कुशवाह, अपैक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र यादव , पूर्व मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य , पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर, जीडीए अध्यक्ष ,मेला प्राधिकरण अध्यक्ष , सभापति मनोज तोमर , आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक सुरेंद्र मिश्रा, विजय दीक्षित , राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, स्वामी ऋषभदेवानंद, भाजपा के प्रदेश मंत्री लोकेंद्र पराशर , भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया तथा पूर्व जिला अध्यक्ष अभय चौधरी, रामवरण गुर्जर , मुन्नालाल गोयल, सुधीर गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में उपस्थित थे।
