राजनीति

"मुख्यमंत्री डॉ.यादव कल ट्रांजिट विजिट पर"; ग्वालियर-चंबल संभाग के प्रवास पर रहेंगे, सुबह 11.45 बजे राजकीय विमान से ग्वालियर पहुँचेंगे, इसके बाद मुरैना जिले के ग्राम करुआ में स्वामित्व योजना के हितग्राहियों से करेंगे संवाद

मुख्यमंत्री मुरैना में भाजपा कार्यालय के स्थानीय कार्यक्रम में भी शामिल होंगे, वे दोपहर 12 बजे के बाद पहुंचेंगे मुरैना, ग्राम करूआ में स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीणों को मिलेगा उनकी संपत्ति का मालिकाना हक

ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार, 06 नवम्बर को ग्वालियर-चंबल संभाग के प्रवास पर जिले के प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री ग्राम करुआ में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम स्वामित्व योजना के अंतर्गत ग्रामीणों को उनकी संपत्तियों का मालिकाना हक दिलाने तथा संपत्ति संबंधी अधिकारों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है। स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीण आबादी क्षेत्र में स्थित मकानों एवं अन्य संपत्तियों का सर्वेक्षण कर पात्र हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख एवं संपत्ति स्वामित्व संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे ग्रामीण परिवारों को अपनी संपत्ति का कानूनी अधिकार प्राप्त होने के साथ ही संपत्ति संबंधी विवादों में कमी आएगी तथा उन्हें आर्थिक गतिविधियों एवं वित्तीय सुविधाओं का लाभ लेने में भी मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वामित्व योजना के संबंध में कहा है कि इस धनतेरस पर मध्यप्रदेश में सुख-समृद्धि का नया उजाला आएगा। आगामी 6 नवम्बर को मंत्री, सांसद एवं विधायक गांवों में पहुंचकर अपनी उपस्थिति में शत-प्रतिशत रजिस्ट्री पूर्ण कराएंगे।

प्रदेश में अब तक लगभग 15 लाख 98 हजार 46 रजिस्ट्रियां हो चुकी हैं तथा 15 नवम्बर तक 20 लाख रजिस्ट्रियां पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को उनकी संपत्तियों का वैधानिक मालिकाना हक दिलाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रातः 11 बजे भोपाल स्थित स्टेट हैंगर से विमान द्वारा ग्वालियर के लिए रवाना होंगे तथा प्रातः 11:45 बजे ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर दोपहर 12:10 बजे मुरैना हेलीपैड पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री मुरैना हेलीपैड से कार द्वारा भाजपा कार्यालय पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे दोपहर 1:40 बजे भाजपा कार्यालय से ग्राम करुआ के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री ग्राम करुआ में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे ग्राम करुआ से कार द्वारा मुरैना हेलीपैड पहुंचेंगे तथा दोपहर 2:35 बजे हेलीकॉप्टर से भिण्ड जिले के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री यादव भिण्ड में स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेने के बाद अपरान्ह 3.30 बजे हैलीकॉप्टर द्वारा अशोकनगर जिले की नईसराय तहसील के ग्राम अजलेश्वर रवाना होंगे और वहां पहुँचकर कार्यक्रम में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव यहाँ से शाम लगभग 5.05 बजे हैलीकॉप्टर द्वारा भोपाल के लिये प्रस्थान करेंगे।