बिजनेस

"उद्यमी लगाएंगे मेले में प्रदर्शनी"; ग्वालियर व्यापार मेले में सहभागिता के लिए मालनपुर की औद्योगिक इकाइयों को किया आमंत्रित: औद्योगिक उत्पादों और क्षेत्र की उपलब्धियों का करेंगे प्रचार-प्रसार

मालनपुर के विकास भवन में हुई संयुक्त बैठक में CSR के तहत मेले की अवसंरचना को सुदृढ़ एवं आकर्षक बनाने में सहयोग का भी आग्रह किया, व्यापार मेला शुरू होने से पहले मेला परिसर का भ्रमण कर उपलब्ध संसाधनों एवं भूमि के बेहतर उपयोग के सुझाव और योजनाएं तैयार करने का अनुरोध भी किया

ग्वालियर। श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेले में औद्योगिक इकाइयों की सहभागिता बढ़ाने और क्षेत्र की औद्योगिक उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से 4 नवंबर 2026 को मालनपुर के विकास भवन में संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण अध्यक्ष के मुख्य आतिथ्य, भिण्ड कलेक्टर पवन जैन की अध्यक्षता तथा एमपीआईडीसी की कार्यकारी संचालक अनीषा श्रीवास्तव की उपस्थिति में हुई। इसमें मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र की वृहद एवं एमएसएमई इकाइयों के प्रतिनिधियों और प्रबंधकों ने भाग लिया। बैठक में मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जादौन ने ग्वालियर व्यापार मेले की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विशिष्टता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मेला 120 वर्ष से अधिक की गौरवशाली यात्रा पूरी कर चुका है।

समय के साथ मेले ने आधुनिक एवं भव्य स्वरूप ग्रहण किया है। इससे हजारों लोगों को रोजगार मिलता है और ग्वालियर-चंबल अंचल की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलती है। उन्होंने मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों एवं औद्योगिक इकाइयों के प्रबंधकों से आग्रह किया कि वे अपनी इकाइयों और उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए व्यापार मेले में प्रदर्शनी लगाएं। इसके माध्यम से मेले में आने वाले आगंतुकों को क्षेत्र की औद्योगिक प्रगति और उपलब्धियों से परिचित कराया जा सकेगा। अध्यक्ष  जादौन ने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत मेले की अवसंरचना को सुदृढ़ एवं कलात्मक बनाने में भी औद्योगिक इकाइयों से सहयोग का आग्रह किया।

उन्होंने उद्यमियों से मुख्य मेला प्रारंभ होने से पहले मेला परिसर का भ्रमण कर उपलब्ध संसाधनों एवं भूमि के बेहतर उपयोग के लिए सुझाव और योजनाएं तैयार करने का अनुरोध किया। बैठक में मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों एवं इकाई प्रबंधकों ने आश्वासन दिया कि वे मेला प्रारंभ होने से पूर्व मेला परिसर का भ्रमण करेंगे और योजना तैयार कर व्यापार मेले में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।