आइए, इस दीपावली हम सब मिलकर किसी के जीवन में उजाला भरें और समृद्धि के इस पर्व को सही मायनों में "सबका पर्व" बनाएँ, आनंद विभाग ने नागरिकों से आह्वान किया है कि वे अपने घरों या अन्य स्रोतों से अपनी आवश्यकता से अधिक तथा उपयोग में न आ रही वस्तुएँ संसाधन-विहीन वर्ग तक पहुँचाएँ
ग्वालियर। दीपावली आनंद और समृद्धि का पर्व है, लेकिन समाज में अनेक परिवार ऐसे हैं जिनके पास यह पर्व मनाने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे परिवारों के जीवन में भी उत्सव की रोशनी पहुँचाने के उद्देश्य से राज्य आनंद संस्थान (आनंद विभाग) द्वारा "हर घर दीपावली" आयोजन किया जा रहा है।
ग्वालियर जिले में भी आनंद विभाग द्वारा दीपोत्सव पर यह आयोजन किया जाएगा। आनंद विभाग अपने कार्यक्रमों में सहयोग की भावना को निरंतर प्रोत्साहित करता है। इसी भावना के तहत नागरिकों से आह्वान किया गया है कि वे अपने घरों या अन्य स्रोतों से अपनी आवश्यकता से अधिक तथा उपयोग में न आ रही वस्तुएँ संसाधनविहीन वर्ग तक पहुँचाएँ, ताकि दीपावली का पर्व हर घर में उल्लास के साथ मनाया जा सके। इस पहल को सफल बनाने के लिए सामाजिक संगठनों, एनजीओ, समाजसेवियों, आनंद क्लबों और आनंदक स्वयंसेवकों से आपसी समन्वय के साथ आगे आने की अपील की गई है।
"जॉय ऑफ गिविंग" की इस मुहिम में आनंद विभाग के जिला संपर्क व्यक्ति, मास्टर ट्रेनर, आनंदम सहयोगी एवं आनंदक आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। आनंद विभाग का कहना है कि देने का सुख ही सच्चा आनंद है। जब एक घर का अतिरिक्त सामान किसी दूसरे घर की खुशी बनता है, तब दीपावली का वास्तविक अर्थ साकार होता है। आइए, इस दीपावली हम सब मिलकर किसी के जीवन में उजाला भरें और समृद्धि के इस पर्व को सही मायनों में "सबका पर्व" बनाएँ।
