टॉप न्यूज़

आवारा कुत्तों के हमले से घायल हुआ दुर्लभ कृष्णमृग": ट्रांसपोर्ट नगर के पास की घटना, चिड़ियाघर की टीम ने सफलता-पूर्वक किया घायल संरक्षित 'काले हिरण' का रेस्क्यू

टीपी नगर से रेस्क्यू किए दुर्लभ 'कृष्णमृग' को सुरक्षित रूप से गांधी प्राणी उद्यान लाया है, अभी उसे आइसोलेशन वार्ड में रखा है, जहां उसकी अलग से विशेष देख-रेख और स्वास्थ्य की विशेष निगरानी की जा रही है

ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक कुएं के पास घायल अवस्था में मिले 'कृष्णमृग' को निगम की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर गांधी प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) पहुँचा दिया है, जहां उसकी विशेष देख भाल की जा रही है

ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर के गाँधी प्राणी उद्यान  (चिड़ियाघर ) प्रबंधन को एक वन्यजीव की जान बचाने में बड़ी सफलता मिली है। मुरैना टोल प्लाजा और ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक कुएं के पास घायल अवस्था में मिले 'कृष्णमृग' को निगम की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर गांधी प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) पहुँचा दिया है।
जू क्यूरेटर गौरव परिहार ने बताया कि चिड़ियाघर प्रबंधन को सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मुरैना टोल प्लाजा के पास एक कुएं के नजदीक एक घायल काला हिरण देखा गया है, जिसके पीछे आवारा कुत्ते पड़े हुए हैं। वन्यप्राणी पर मंडरा रहे खतरे की सूचना मिलते ही गांधी प्राणी उद्यान से एक चार सदस्यीय विशेषज्ञ दल तुरंत मौके के लिए रवाना हुआ और घटना-स्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जांच करने पर पता चला कि घायल वन्य-जीव एक दुर्लभ कृष्णमृग है, जिसके पैर और गर्दन के नीचे गंभीर घाव थे। टीम ने सूझ-बूझ दिखाते हुए सुरक्षित तरीके से उसका सफल रेस्क्यू किया। रेस्क्यू किए गए 'कृष्णमृग' को सुरक्षित रूप से गांधी प्राणी उद्यान लाया गया है। वर्तमान में उसे आइसोलेशन वार्ड में रखकर अलग से उसकी विशेष देखरेख और स्वास्थ्य निगरानी की जा रही है।