टॉप न्यूज़

प्रशासनिक अधिकारियों ने आदिवासी बस्तियों में मनाई दीपावली, कलेक्टर की पहल पर बच्चों को बांटी मिठाई और आतिशबाजी, दीप जलाकर दीपों के त्यौहार की खुशियां साझा कीं

इधर महिला लॉन्ग स्टे होम में हर्षोल्लास एवं उल्लासपूर्वक मनाया गया धनतेरस एवं छोटी दीपावली का पर्व, CEO ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया

कलेक्टर ने कहा कि दीपावली खुशियां बांटने का त्यौहार है, जिले की आदिवासी बस्तियों और पिछड़ी बस्तियों में पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों ने बच्चों के साथ त्यौहार मनाया, वही महिला लॉन्ग स्टे होम में भी हर्षोल्लास एवं उल्लासपूर्वक मनाया गया धनतेरस एवं छोटी दीपावली का पर्व, सभी रहने वाली महिलाओं को मिठाई वितरित कर उनके परिवारों में सदैव खुशहाली रहने की मंगलकामना की 

ग्वालियर। कलेक्टर रुचिका चौहान की पहल पर जिले के राजस्व अधिकारियों एवं अन्य विभागों के अधिकारियों ने दीपावली पर्व पर जिले की आदिवासी बस्तियों और पिछड़ी बस्तियों में पहुंचकर बच्चों के साथ त्यौहार मनाया।

अधिकारियों ने बच्चों को मिठाई और आतिशबाजी का वितरण किया तथा उनके साथ दीप जलाकर दीपों के इस त्यौहार की खुशियां साझा कीं। अधिकारियों के इस स्नेह से बस्तियों में रहने वाले बच्चों के चेहरों पर खुशी झलक उठी।

कलेक्टर ने कहा कि दीपावली खुशियां बांटने का त्यौहार है, प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी बच्चा इस खुशी से वंचित न रहे।

महिला लॉन्ग स्टे होम' में भी हर्षोल्लास के साथ मनाया  धनतेरस एवं छोटी दीपावली का पर्व, मनमोहक भजन संध्या का आयोजन, CEO ने दीप-प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया

महिला लॉन्ग स्टे होम में आज शाम धनतेरस एवं दीपावली का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत के CEO द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके बाद महिला लॉन्ग स्टे होम में निवासरत मानसिक रूप से अस्वस्थ महिलाओं के साथ मां लक्ष्मी की विधिवत पूजा-अर्चना की गई तथा दीप प्रज्वलित कर सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई। इस अवसर पर सभी निवासरत महिलाओं को मिठाई वितरित की गई तथा उनके जीवन में सुख, शांति एवं सकारात्मकता बनी रहने और उनके परिवारों में सदैव खुशहाली रहने की मंगलकामना की गई। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक न्याय विभाग के कलाकारों द्वारा मनमोहक भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं आनंदमय हो गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के माध्यम से महिला लॉन्ग स्टे होम में निवासरत महिलाओं को अपनत्व, स्नेह एवं पारिवारिक वातावरण प्रदान करना तथा उनके जीवन में खुशियों के रंग भरना रहा। इस शुभ अवसर पर सामाजिक सुरक्षा अधिकारी पूर्वी अग्रवाल, रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव नवल किशोर शुक्ला, प्रांकुष शर्मा, आशीष शर्मा, महेन्द्र सिंह सहित सामाजिक न्याय एवं महिला लॉन्ग स्टे होम के सभी अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी ने मिलकर दीपावली का पर्व मनाया और आपसी स्नेह, सौहार्द एवं मानवीय संवेदनाओं का संदेश दिया।