क्राइम

'तहसील की नकल शाखा से खतौनी ले जाने का मामला': शासकीय दस्तावेज की चोरी के मामले में आरोपी के खिलाफ़ एफआईआर दर्ज, नायब तहसीलदार की जांच में आरोपों की हुई पुष्टि

भितरवार तहसील के नकल शाखा के प्रधान प्रतिलिपिकार रिकॉर्ड शाखा के प्रतिवेदन के आधार पर मामले की जांच नायब तहसीलदार भितरवार महाराज सिंह सगर से कराई गई थी

ग्वालियर।  भितरवार तहसील की नकल शाखा से शासकीय दस्तावेज चोरी करने के मामले में आरोपी प्रेम नारायण दुबे के विरुद्ध थाना भितरवार में सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कराई गई है। 

 जानकारी के अनुसार, विगत 9 अक्टूबर 2026 को प्रेम नारायण दुबे द्वारा तहसील भितरवार की नकल शाखा से ग्राम दुबहा की खतौनी कथित रूप से चोरी करने के उद्देश्य से अपने बैग में रख ली गई थी। इसी दौरान नकल शाखा में मौजूद प्रधान प्रतिलिपिकार रिकॉर्ड शाखा सुनील चंद्रवंशी ने उन्हें पकड़ लिया तथा उनके बैग से संबंधित खतौनी बरामद की। इस संबंध में मौके पर पंचनामा प्रतिवेदन भी तैयार कराया गया था।  सुनील चंद्रवंशी के प्रतिवेदन के आधार पर मामले की जांच नायब तहसीलदार भितरवार महाराज सिंह सगर से कराई गई।

जांच में प्रेम नारायण दुबे के विरुद्ध शासकीय दस्तावेज की चोरी से संबंधित तथ्यों की पुष्टि हुई। जांच प्रतिवेदन के आधार पर तहसीलदार भितरवार द्वारा थाना प्रभारी, थाना भितरवार को आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कराने के लिए पत्र जारी किया गया। साथ ही प्रधान प्रतिलिपिकार रिकॉर्ड शाखा  सुनील चंद्रवंशी को आरोपी के विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए अधिकृत किया गया। इसके पालन में आज 4 नवंबर 2026 को थाना भितरवार में आरोपी प्रेम नारायण दुबे के खिलाफ़ एफआईआर दर्ज कराई गई है।है।