अपना शहर

"स्वच्छ दिवाली 01 रुपये वाली": 5 नवम्बर को बाल भवन से होगा सामग्री वितरण का शुभारंभ, 14 दिन में दान स्वरूप भेंट की 25067 अनुपयोगी वस्तुएं

इस अनूठे अभियान में आम नागरिक बढ़-चढ़कर इस अभियान का हिस्सा बन रहे हैं और बड़ी संख्या में अपने घर की अनुपयोगी सामग्री दूसरों के उपयोग के लिए प्रदान कर रहे हैं

ग्वालियर। दीपावली के पर्व पर घरों से निकलने वाली अनुपयोगी वस्तुओं को कचरे में जाने से बचाने और उन्हें जरूरतमंद परिवारों के उपयोग में लाने के उद्देश्य से नगर निगम ग्वालियर द्वारा ‘स्वच्छ दिवाली 01 रुपये वाली’ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 21 अक्टूबर से संचालित इस अनूठे अभियान में आम नागरिक बढ़-चढ़कर इस अभियान का हिस्सा बन रहे हैं और बड़ी संख्या में अपने घर की अनुपयोगी सामग्री दूसरों के उपयोग के लिए प्रदान कर रहे हैं। 

शहर के नागरिकों ने 3 नवम्बर 2026 तक 14 दिनों में अनुपयोगी समझी जाने वाली 25067 वस्तुओं को नगर निगम की गाड़ियों एवं कार्यालय में जमा कराया। इस सामग्री वितरण का शुभारंभ 5 नवम्बर 2026 को सुबह 10ः30 बजे से बाल भवन में होगा। इसके साथ सभी क्षेत्रीय कार्यालयों से उक्त सामग्री का वितरण किया जाएगा। 

नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देशन में संचालित इस अभियान के संबंध में अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने बताया कि दीपावली के दौरान घरों की साफ-सफाई में बड़ी संख्या में ऐसी वस्तुएं बाहर निकलती हैं, जिनका उपयोग थोड़ी मरम्मत या उचित रख-रखाव के बाद दोबारा किया जा सकता है। अक्सर ये वस्तुएं कचरे में पहुंच जाती हैं, जिससे अपशिष्ट की मात्रा बढ़ती है। इसी समस्या को ध्यान में रख नगर निगम ने रिड्यूस, रीयूज और रीसाइकिल की अवधारणा को बढ़ावा दिया जा रहा है।

अभियान के अंतर्गत शहर के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विशेष संग्रहण वाहन संचालित किए जाएंगे, जो घरों से पुनः उपयोग योग्य सामग्री एकत्रित करेंगे। नागरिक अपने नजदीकी क्षेत्रीय कार्यालय में भी ऐसी वस्तुएं जमा करा सकते हैं। एकत्रित सामग्री को 3R सेंटर, फूलबाग में छंटाई एवं आवश्यक मरम्मत के बाद पुनः उपयोग के लिए तैयार किया जाएगा।

शहरवासियों ने बड़ी संख्या में जमा कराई अनुपयोगी वस्तुएं 

स्वच्छ दिवाली एक रुपए वाली अभियान के अंतर्गत शहर के नागरिकों द्वारा अभी तक 21318 कपड़े, 803 जोड़ी जूते, 844 प्लास्टिक एवं स्टील की बोतल, 161 बैग, 453 किताबें, 192 इलेक्ट्रॉनिक आइटम, 192 खिलौने, 451 ब्लैंकेट, 702 अन्य सामग्री जमा कराई गई। जिसमें 14929 सामान विधानसभा वार्ड संचालित विशेष गाड़ियों के माध्यम से एवं 10138 जोनल ऑफिस पर आम नागरिकों द्वारा जमा कराई गई।गई।