ग्वालियर/मुरैना। मुख्यमंत्री मोहन यादव के मुरैना दौरे से ठीक पहले मुरैना पुलिस को आज बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चम्बल के 80 हजार रूपये का इनामी डकैत कल्ली गुर्जर को शॉट एनकाउटर में पकड़ा है, साथ ही जंगल में गोली चला रहा उसका साथी अजय को भी पुलिस ने गिरफ्तारी का दावा किया है।
पुलिस की जानकारी के अनुसार मुखबिर की सूचना पर पुलिस बानमौर थाना क्षेत्र के पहाड़ी गांव के जंगल में पहुँची, जहां पुलिस को देखते ही डकैत गिरोह ने गोलियां चलाईं, जबाव में पुलिस ने भी फायर खोल दिये, डकैत की तरफ से गोली-बारी बंद होने के बाद पुलिस ने जब सर्चिंग की तो, घायल अवस्था में कल्ली डकैत मिला है।
इसके बाद जंगल में कल्ली के घायल होते ही उसके साथी भाग गये , मुठभेड़ के दौरान डकैत गिरोह ने 20 से अधिक गोलियां चलाई , पुलिस ने कल्ली से 306 इंग्लिश राइफल तथा 60 राउंड बरामद किये हैं, डकैत कल्ली को घायल अवस्था में मुरैना जिला अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ आधिकारी जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं।
लंबे समय से पुलिस के राडार पर था कुख्यात इनामी डकैत
ग्वालियर चंबल के मुरैना जिले के बानमोर के जंगलों में पुलिस ने आज चंबल के कुख्यात डकैत को शॉर्ट एनकाउंटर में गिरफ्तारी का दावा किया है। इनामी डकैत कल्ली गुर्जर से यह मुठभेड़ बानमोर के पहाड़ी और जंगली इलाके में हुई है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कल्ली गुर्जर के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए मुरैना अस्पताल ले जाया गया है।पुलिस ने उसके साथी अजय को भी मौके से गिरफ्तार किया है।
बता दें कि इस कुख्यात डकैत पर 80 हजार रुपये का इनाम घोषित था और लगातार पुलिस उसकी तलाश में जुटीं हुई थीं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कल्ली गुर्जर पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट के साथ ही और कई संगीन मामले दर्ज हैं। वह सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर लगातार धमकियां दे रहा था।
साथी से पूछताछ कर रही है मुरैना पुलिस
शॉर्ट एनकाउंटर में गिरफ्तारी के बाद घायल डकैत को उपचार के लिए मुरैना अस्पताल पहुंचाया है। पुलिस उसके साथी से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह में और कौन-कौन सदस्य शामिल हैं और हाल के दिनों में किन वारदातों को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। इस कार्रवाई को मध्य प्रदेश और राजस्थान में सक्रिय डकैत गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।
