अपना शहर

"नगर निगम की दीपावली पर विशेष एडवाइजरी जारी"; बच्चों को अकेले पटाखे न चलाने दें, आतिशबाजी के दौरान बरतें विशेष सावधानी, जरा-सी लापरवाही बन सकती है दुर्घटना का बड़ा कारण?

शहरवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ग्वालियर के अग्निशमन विभाग ने आगजनी की घटनाओं से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी कर आग्रह किया है कि पटाखे हमेशा खुले और सुरक्षित स्थान पर ही चलाएं

ग्वालियर। दीपावली के त्योहार पर शहरवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ग्वालियर के अग्निशमन विभाग ने आगजनी की घटनाओं से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि दीपावली पर आतिशबाजी करते समय विशेष सतर्कता बरतें, ताकि त्योहार की खुशियां किसी दुर्घटना में न बदलें। विभाग ने पटाखे चलाने से लेकर आपात-कालीन स्थिति में किए जाने वाले उपायों तक के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं।

 निगमायुक्त अभिषेक चौधरी ने शहरवासियों से आग्रह किया कि पटाखे हमेशा खुले और सुरक्षित स्थान पर ही चलाएं। मकानों, दुकानों, भीड़-भाड़ वाले बाजारों और संकरी गलियों के आस-पास आतिशबाजी करने से बचें। वाहनों, टेंट, टिन-शेड और ज्वलनशील पदार्थों के पास पटाखे चलाना खतरनाक हो सकता है। बच्चों को अकेले पटाखे न चलाने दें और आतिशबाजी के दौरान किसी बड़े व्यक्ति की मौजूदगी सुनिश्चित करें। बच्चों को सूती कपड़े पहनाने की सलाह भी दी गई है, क्योंकि सिंथेटिक कपड़े जल्दी आग पकड़ सकते हैं।

घर में रखें आग बुझाने के इंतजाम

अग्निशमन विभाग ने नागरिकों से घर और दुकानों में आग से बचाव के जरूरी इंतजाम रखने की अपील की है। इसके लिए फायर एक्सटिंग्विशर, पानी से भरी बाल्टियां, रेत और प्राथमिक चिकित्सा बॉक्स तैयार रखने को कहा है। रॉकेट और आकाशीय पटाखे छोड़ते समय उनकी दिशा का विशेष ध्यान रखें, ताकि वे किसी मकान, घास-फूस की झोपड़ी या बालकनी में न गिरें। जलते हुए पटाखे को हाथ से पकड़ने की कोशिश न करें।

आग लगने पर 101 पर करें संपर्क

अग्निशमन विभाग ने अपील की है कि आसपास आग लगने या किसी दुर्घटना की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत नजदीकी फायर स्टेशन या अग्नि सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को सूचना दें। इसके लिए फायर कंट्रोल रूम के नंबर 101, 0751-2342101, 2438361 और 2340489 जारी किए गए हैं। इसके साथ ही घरों की छतों और बालकनियों पर पुराना कबाड़, कपड़े, कचरा और लकड़ी के टुकड़े जमा नहीं रखने की सलाह दी गई है, ताकि आग फैलने की आशंका को कम किया जा सके।सके।