अपना शहर

"आदर्श आंगनबाड़ी केन्द्र का शुभारंभ"; बच्चों के बेहतर पोषण के लिये सरकार प्रतिबद्ध : मंत्री कुशवाह ने शहर के वार्ड-50 में किया आदर्श आंगनबाड़ी केन्द्र का शुभारंभ, साथ ही बच्चों को मिष्ठान वितरित किए

गुरुवार को मंत्री ने दीप जलाकर एवं फीता काटकर जगनभैया की गली माधौगंज में आदर्श आंगनबाड़ी के शुभारंभ मौके पर उन्होंने नन्ही बेटियों एवं उनकी माताओं को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए

ग्वालियर। बच्चों के बेहतर पोषण एवं उन्हें गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा दिलाने के लिये प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। इसी भाव के साथ सरकार द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्रों को आदर्श रूप देने की पहल की गई है। यह विचार सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने शहर के वार्ड-50 की जगनभैया की गली माधौगंज में आदर्श आंगनबाड़ी केन्द्र के शुभारंभ अवसर पर व्यक्त किए। मंत्री ने कहा आंगनबाड़ी केन्द्र केवल भवन भर नहीं, बच्चों के सुनहरे भविष्य की नींव और मातृ शक्ति के सशक्तिकरण के महत्वपूर्ण केन्द्र होते हैं। हम सब मिलकर आंगनबाड़ी केन्द्रों की सुविधाओं को सुदृढ़ करने में सहभागी बनें।

गुरुवार को मंत्री कुशवाह ने दीप प्रज्ज्वलन एवं फीता काटकर इस आंगनबाड़ी केन्द्र का शुभारंभ किया। उन्होंने इस अवसर पर लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत नन्ही-मुन्नी बेटियों एवं उनकी माताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। साथ ही बच्चों को मिष्ठान वितरित किए। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजौरिया, नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष हरिपाल, पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, पार्षद तथा कमल माखीजानी, मंडल अध्यक्ष अमर कुटे, नीरज जैन, गोपाल जाटव व शोभा राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि व क्षेत्रीय नागरिक व आंगनबाड़ी से जुड़ीं महिलायें व बच्चे मौजूद थे।