भिंड/ग्वालियर। भिंड जिले में बरोही थाना क्षेत्र के पावई रोड पर अम्लौड़ा झाल के पास शनिवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। करीब 100 किमी/घंटे की रफ्तार से दौड़ रही कार बेकाबू होकर खेत में जाकर 3 बार पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक शिवम बाजपेई की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार उसके चार अन्य दोस्त गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया है।
भिंड के बरोही थाना क्षेत्र में पावई रोड पर अम्लौड़ा झाल के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। हादसे में 22 साल के शिवम बाजपेई की मौत हो गई। जबकि उसके 4 दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों को ग्वालियर रेफर किया गया है। हादसे के वक्त कार की रफ्तार 100 किमी प्रति घंटे से ज्यादा बताई जा रही है।
मेहगांव से CNG भरवाकर लौट रहे थे सभी दोस्त
बरोही थाना पुलिस के अनुसार, गोविंद नगर निवासी शिवम बाजपेई अपने 5 दोस्तों के साथ कार से निकला था। सभी मेहगांव पहुंचे और वहां CNG पंप पर कार में गैस भरवाई। इसके बाद सेमलपुरा होते हुए पावई रोड से लौट रहे थे।
इसी दौरान अम्लौड़ा झाल के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार सड़क से उतरकर 2 से 3 बार पलटी और खेत में जा गिरी।
घायल चार दोस्तों को ग्वालियर रेफर किया है
दर्दनाक सड़क हादसे में शिवम की मौत हो गई। कार में सवार अतुल शर्मा, अर्पित शर्मा, इमरान खान और देव ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक इलाज के बाद चारों को ग्वालियर रेफर किया गया है।
वहीं, छठे युवक अखिलेश जयपुरिया को मामूली चोट आई हैं। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार में सवार सभी युवकों की उम्र 22 से 25 साल के बीच बताई गई है।
