मुख्यमंत्री ने कहा पीएम मोदी के 'वोकल फॉर लोकल' के आह्वान को और भी आगे बढ़ाते हुए प्रदेश में स्वदेशी दीपावली को प्रोत्साहित किया जा रहा है, उन्होंने कामना की है कि प्रदेश के हर नागरिक के जीवन में सुख, समृद्धि, प्रगति और खुशहाली का प्रकाश फैलता रहे, वही प्रदेश के ऊर्जा मंत्री तोमर ने आग्रह किया है कि दीपावली पर्व पर बिजली लाइन के पास आतिशबाजी नहीं चलायें
ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपावली के पावन पर्व पर सभी प्रदेशवासियों को अपनी ओर से मंगलकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश के हर अंचल तक विकास की रौशनी पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के 'वोकल फॉर लोकल' के आह्वान को और भी आगे बढ़ाते हुए प्रदेश में स्वदेशी दीपावली को प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रदेश के नागरिकों से अनुरोध है कि वे स्थानीय कारीगरों, स्व-सहायता समूहों और छोटे व्यापारियों से ही दीपक, सजावटी सामग्री एवं अन्य स्वदेशी उत्पाद खरीदें। दीपावली पर फल-फूल-पत्ती, तोरण, दीपक, बाती, झालर आदि की दुकानें लगाने वाले छोटे दुकानदारों को निकायों द्वारा ली जाने वाली तहबाजारी से छूट देने के निर्देश दिए हैं।
हमारा प्रयास है कि त्यौहार की खुशियां गरीब और छोटे व्यापारियों सहित सबके घरों तक समान रूप से पहुंचें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमने प्रदेश के सभी अधिकारियों से कहा है कि त्यौहार की खुशियां समाज के अंतिम व्यक्ति और जरूरतमंदों तक पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी है। इसीलिए अधिकारी गरीब बस्तियों, छोटे बच्चों, अनाथालयों और वृद्धाश्रमों में जाकर उनके बीच दीपावली मनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अवैध एवं प्रतिबंधित पटाखों तथा मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक कार्बाइड गन और कार्बाइड लैम्प के उपयोग पर रोक लगाने के निर्देश भी हमने दिए हैं। हमारा संकल्प है कि विरासत को संजोते हुए विकास के साथ सामाजिक संवेदना और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हम आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित मध्यप्रदेश का निर्माण करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी को दीपावली के साथ ही छोटी दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज की मंगलकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि प्रदेश के हर नागरिक के जीवन में सुख, समृद्धि, प्रगति और खुशहाली का प्रकाश निरंतर फैलता रहे।
विस अध्यक्ष तोमर ने दीं दीपोत्सव कर बधाई व शुभकामनाएँ
विधानसभाविधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने प्रदेशवासियों को रोशनी के उत्सव दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें दीं हैं। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश के माध्यम से अपील की है कि दीपावली का यह पर्व केवल अपने घर की रौनक तक सीमित न रहकर समाज के हर जरूरतमंद के घर तक खुशियों की रोशनी पहुँचाने का माध्यम बने। विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने कहा है कि दीप प्रज्ज्वलित करने का अर्थ केवल अंधकार मिटाना ही नहीं, बल्कि आशा, सहयोग और विकास के दीप जलाना भी है। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि दीपों की यह पावन ज्योति हमारे राज्य और देश को नई ऊँचाइयों पर ले जाए, साथ ही सबके जीवन में नई ऊर्जा, नई प्रेरणा और नई उम्मीदों का संचार करे।
कलेक्टर चौहान ने दी दीपोत्सव की बधाई एवं शुभकामनाएँ
दीपोत्सव के पावन अवसर पर कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिलेवासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा है कि दीपावली त्यौहार पर सभी लोग मिल-जुलकर खुशियाँ साझा करें और सामाजिक सद्भाव की गौरवशाली परंपराओं को मजबूत बनाने में योगदान दें। कलेक्टर ने जिलेवासियों से आग्रह किया है कि रोशनी के इस पर्व पर हम सभी नशा मुक्ति, जल संरक्षण व संवर्धन एवं पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने का संकल्प भी लें। साथ ही सरकार की योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुँचाने में सहभागी बनें।बनें।
संभागायुक्त खत्री ने दीं दीपावली की हार्दिक शुभकामनायें
दीपावली के पावन अवसर पर संभागायुक्त मनोज खत्री ने ग्वालियर एवं चंबल संभाग के निवासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनायें दी हैं। उन्होंने सभी की सुख-समृद्धि के लिये मंगल कामना करते हुए अपील की है कि अपने घर, गाँव, कस्बे व शहर को स्वच्छ बनाने में योगदान दें। साथ ही दीपावली का उत्सव अनुशासित, शुद्ध, स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण में मनाएं।
ऊर्जा मंत्री तोमर ने दीं दीपावली पर्व की बधाई व शुभकामनायें
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने ग्वालियर सहित सम्पूर्ण प्रदेशवासियों को रोशनी के पर्व दीपावली पर्व की शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा है कि प्रकाश का यह पर्व सभी के जीवन में आनंद और समृद्धि लाये। ऊर्जा मंत्री तोमर ने आग्रह किया है कि दीपावली पर्व पर बिजली लाइन के पास आतिशबाजी नहीं चलायें।
