अपना शहर

"भव्य सहस्त्रदीप महोत्सव 2026":10 हजार दीपों से जग- मगाएगा भगवान सहस्रबाहु ब्रिज"; सहस्त्रदीप महोत्सव में 1,000 परिवारों को जोड़ने का है लक्ष्य', यह महोत्सव शाम 6 बजे से सहस्त्र-बाहु ब्रिज के सामने, कोलार रोड पर होगा

‘एक परिवार–एक दीप’ अभियान से समाज में एकता, संस्कार और सेवा का संदेश देंगे, कलचुरी सेना परिवार की ओर से आयोजित यह महोत्सव समाज को एक सूत्र में पिरोने और सेवा के नए संकल्पों की प्रेरणा देने का प्रयास है

भोपाल। भगवान राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु अर्जुन के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 14 नवंबर 2026, शनिवार को भोपाल में भव्य सहस्त्रदीप महोत्सव 2026 आयोजित किया जाएगा। कलचुरी सेना परिवार की ओर से आयोजित यह महोत्सव शाम 6 बजे से सहस्त्रबाहु ब्रिज, जेके अस्पताल (एलएनसीटी विश्वविद्यालय परिसर के सामने), कोलार रोड पर आयोजित होगा। आयोजन का उद्देश्य केवल धार्मिक आस्था और दीप प्रज्वलन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से कलचुरी समाज को एकजुट कर सामाजिक सेवा, संस्कार, सद्भाव और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।

इस वर्ष आयोजन समिति ने 10 हजार दीप प्रज्वलित करने के साथ 1,000 परिवारों को अभियान से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके अलावा 100 युवाओं को अभियान का सक्रिय भागीदार बनाने और समाजहित में 100 सामाजिक संकल्पों को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने की योजना है। आयोजन को व्यापक स्वरूप देने के लिए ‘एक परिवार–एक दीप’ अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक परिवार से आग्रह किया जाएगा कि वह अपने परिजनों के साथ कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान सहस्त्रबाहु के नाम एक दीप प्रज्वलित करे और समाज के हित में एक सकारात्मक संकल्प भी ले।

दीपोत्सव के साथ सामाजिक सरोकारों का संदेश

सहस्त्रदीप महोत्सव की विशेषता यह होगी कि इसमें धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक दायित्वों को भी प्रमुखता दी जाएगी। शिक्षा को बढ़ावा देने, रक्तदान, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, जरूरतमंदों की सहायता और समाजसेवा जैसे विषयों पर समाजबंधुओं को संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। आयोजन समिति का मानना है कि दीप केवल प्रकाश का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव और जागरूकता का माध्यम भी बन सकता है। इसी सोच के साथ ‘एक दीप के साथ एक सामाजिक संकल्प’ की पहल की जा रही है।

आर्थिक सहयोग नहीं, सहभागिता है प्राथमिकता

आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि महोत्सव के लिए आर्थिक सहयोग की व्यवस्था स्वैच्छिक रखी गई है। किसी भी व्यक्ति या परिवार की सहभागिता को आर्थिक सहयोग से नहीं जोड़ा जाएगा। समाज का प्रत्येक परिवार, युवा, महिला, समाजसेवी और सामाजिक संगठन बिना किसी आर्थिक सहयोग के भी इस आयोजन का हिस्सा बन सकता है। आयोजन को पूरे समाज का साझा उत्सव बनाने के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों और समाजसेवियों से संपर्क किया जाएगा। युवाओं को ‘सहस्त्रदीप युवा दूत’ के रूप में जोड़कर जनसंपर्क और अभियान के विस्तार की जिम्मेदारी भी दी जाएगी।

घर-घर तक पहुंचेगा जनसंपर्क अभियान

महोत्सव को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान की रूपरेखा तैयार की गई है। इसके तहत समाज के विभिन्न संगठनों, परिवारों, युवाओं, महिलाओं और प्रतिष्ठित नागरिकों से व्यक्तिगत संपर्क किया जाएगा। सोशल मीडिया, समाचार पत्रों और डिजिटल मीडिया के माध्यम से भी अभियान का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। कलचुरी सेना परिवार का कहना है कि सहस्त्रदीप महोत्सव किसी एक संस्था का आयोजन न होकर पूरे कलचुरी समासमाजज की सामूहिक सहभागिता, एकता और सामाजिक चेतना का उत्सव बने, यही इस अभियान का मूल उद्देश्य है।

‘10,000 दीप, 1,000 परिवार, 100 युवा और उपयोगी सामाजिक संकल्प’ के संदेश के साथ आयोजित होने वाला यह महोत्सव समाज को एक सूत्र में पिरोने और सेवा के नए संकल्पों की प्रेरणा देने का प्रयास है। आयोजन से जुड़ने और सहभागिता के इच्छुक समाज-बंधु मोबाइल नंबर 9425011774 एवं 8319740258 पर संपर्क कर सकते हैं।

आयोजन का संदेश है—दीप एक नहीं, संकल्प हजार; हर परिवार का दीप समाज की एकता का प्रतीक।