ग्वालियर। जिले में “बलराम कृषि महोत्सव” के तहत 25 अगस्त को डबरा कृषि उपज मंडी परिसर में सुबह 10 बजे से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जिले के किसानों से वर्चुअल संवाद करेंगे तथा कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों पर चर्चा करेंगे। आयोजन में जिले के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान भाई शामिल होंगे। उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर प्रदेश के सभी जिलों में “बलराम कृषि महोत्सव” आयोजित किए जा रहे हैं। कृषक कल्याण वर्ष के दौरान किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कृषि एवं उद्यानिकी के साथ-साथ पशुपालन को भी विशेष रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है
कृषि विशेषज्ञ किसानों को बदलती जलवायु के अनुरूप खेती की नई पद्धतियों, फसल उत्पादन में आधुनिक तकनीकों के उपयोग तथा कृषि जोखिमों के प्रभावी प्रबंधन के उपायों से भी अवगत कराएंगे। जिला प्रशासन द्वारा किसानों से “बलराम कृषि महोत्सव” के तहत डबरा में आयोजित होने जा रहे कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों एवं आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त करने की अपील की गई है।
