टॉप न्यूज़

“मरीजों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं"; एम्बुलेंस की जाँच के लिए चली विशेष मुहिम में 45 एम्बुलेंसों की जांच की, फिटनेस, बीमा व पीयूसी में अनियमितता मिलने पर कुल 57 हजार रुपये का जुर्माना लगाया

सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने कलेक्टर के निर्देश पर वाहनों की जांच का विशेष अभियान चलाया जा रहा है, इसी मुहिम में बीते रोज टीम ने विभिन्न अस्पताल परिसरों में एम्बुलेंसों की सघन जांच की

ग्वालियर। जिले में स्कूली बच्चों, यात्रियों एवं मरीजों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर वाहनों की जांच का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न अस्पताल परिसरों में एम्बुलेंसों की सघन जांच की।

जांच अभियान के दौरान 45 एम्बुलेंसों का निरीक्षण किया गया। इनमें से 15 एम्बुलेंसों में फिटनेस, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र (पीयूसी) सहित आवश्यक दस्तावेजों में अनियमितता पाए जाने पर कुल 57 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। 

परिवहन विभाग की टीम द्वारा बीते रोज 1000 बिस्तर अस्पताल, कैंसर अस्पताल एवं जयारोग्य अस्पताल परिसर में एम्बुलेंसों की जांच की गई। अधिकारियों ने एम्बुलेंस संचालकों को सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने तथा निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यात्रियों और मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। वाहनों में निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने पर आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।