टॉप न्यूज़

"अवैध खनिज गतिविधियों पर सख्त पहरा"; खनिज पदार्थों के अवैध परिवहन पर जिला प्रशासन की 24 घंटे निगरानी, एडीएम ने बीती रात में बिलौआ चैक-पोस्ट का औचक निरीक्षण किया

अवैध रेत-गिट्टी के परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए निगरानी एवं जांच कार्यवाही निरंतर जारी है, रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

ग्वालियर। जिले में खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा 24 घंटे सतत निगरानी की जा रही है। इसके लिए जिले में विभिन्न स्थानों पर चैक पोस्ट स्थापित किए गए हैं, जहां खनिज पदार्थों के परिवहन की निरंतर निगरानी की जा रही है।

 कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए अधिकारियों को चैक पोस्टों का रात्रि-कालीन औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। निर्देशों के पालन में अपर जिला दण्डाधिकारी सीबी प्रसाद ने शनिवार की बीती दरमियानी रात बिलौआ चैक पोस्ट का औचक निरीक्षण किया।

 अपर जिला दण्डाधिकारी प्रसाद ने चैक पोस्ट पर तैनात अमले की कार्यप्रणाली का जायजा लिया तथा खनिज पदार्थों के परिवहन की निगरानी संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने बिलौआ क्षेत्र का भी भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया।

 जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए निगरानी एवं जांच की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।