अपना शहर

'शांति समिति की बैठक'; सभी त्योहार शांति एवं सदभाव के साथ मनाने की अपील, कलेक्टर की अध्यक्षता एवं एसएसपी की मौजूदगी में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित

भीड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखने पर फोकस, सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक सूचनाओं पर भी नजर रखने के साथ ही अफवाहों से बचने की नागरिकों से अपील की

ग्वालियर। आगामी दिनों में आने वाले विभिन्न त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में  मनाने की अपील जिला स्तरीय शांति समिति द्वारा की गई है। जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक गुरुवार को कलेक्टर रुचिका चौहान की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर यादव की मौजूदगी में गुरुवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों तथा शांति समिति के सदस्यों के साथ त्योहारों के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। शांति समिति की बैठक में नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, एडीएम  सीवी प्रसाद सहित विभागीय अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि जिले में सभी त्योहारों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने नगर निगम, पुलिस, विद्युत, स्वास्थ्य, यातायात सहित संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों का बेहतर समन्वय के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही त्योहारों के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था तथा प्रमुख धार्मिक स्थलों एवं आयोजन स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर यादव ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं आपत्तिजनक सूचनाओं पर भी नजर रखने तथा अफवाहों से बचने के लिए नागरिकों से अपील की।

बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने भी त्योहारों के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव दिए। अधिकारियों ने समिति के सदस्यों को आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से अपील की कि सभी नागरिक आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ त्योहार मनाएं तथा प्रशासन एवं पुलिस को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। प्रशासन द्वारा त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा एवं नागरिक सुविधाओं के लिए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएंगे।

शांति समिति की बैठक में आगामी त्यौहारों पर चर्चा की 

1-आगामी त्यौहार :- झूलेलाल महोत्सव- 24 एवं 25 अगस्त 

2- ईद मिलाद-उन-नबी- 26 अगस्त 2026

3- रक्षा बंधन दिनांक- 28 अगस्त 2026 (29.08.2026 भुजरिया मेला/चकरी का मेला)

4- माता बेलांगनी का जन्मोत्सव दिनांक- 29.08.2026 से 08.09.2026 तक

5- श्री कृष्ण जन्माष्टमी - दिनांक 04 सितम्बर 2026

6- श्री गोगादेव जी जन्मोत्सव - दिनांक 05 सितम्बर 2026

7- श्री गणेश महोत्सव- (दिनांक- 14.9.26 को गणेश चतुर्थी / दिनांक- 22.09.2026 को डोल ग्यारस एवं दिनांक- 25.09.2026 को अनंत चतुर्दशी)