अपना शहर

“बिल भुगतान के लिए अनुचित राशि की मांग पड़ी भारी"; क्षेत्राधिकारी एवं टाइम कीपर को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया, वही कार्य में लापरवाही पर अधीक्षण यंत्री को भी नोटिस

निगमायुक्त के जारी आदेश अनुसार वार्ड 28 में किए गए सीसी रोड &निर्माण कार्य के बिल भुगतान के लिए अनुचित राशि की मांग की गई, बिल भुगतान के लिए राशि की मांग अनुचित है

ग्वालियर। वार्ड क्रमांक 28 में किए गए सीसी रोड निर्माण कार्य के बिल भुगतान को लेकर अनुचित राशि की मांग करने पर क्षेत्र क्र.-11 की क्षेत्राधिकारी हिना यादव एवं कार्यरत टाइम-कीपर  बिजेन्द्र सिंह कुशवाह को नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। 

निगमायुक्त संघ प्रिय द्वारा जारी आदेश के अनुसार कार्यरत क्षेत्राधिकारी क्षेत्र क्रमांक 11 एवं सहायक परिवहन यातायात प्रबंधन अधिकारी हिना यादव एवं कार्यरत समय-पाल बिजेन्द्र सिंह कुशवाह द्वारा वार्ड 28 में किए गए सीसी निर्माण कार्य के बिल भुगतान के लिए अनुचित राशि की मांग की गई, जो कि अनुचित है, इस कृत्य से नगर निगम की छवि धूमिल हुई है। जिसके चलते इन दोनों शासकीय सेवकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। 

इसके साथ ही अपने कार्य में लापरवाही बरतने पर एवं अपने दायित्वों का निर्वहन ठीक ढंग से नहीं करने और सौंपे गए कार्य गंभीरता से पूर्ण नहीं करने पर प्रभारी अधीक्षण यंत्री पीएचई एसएल बाथम को नोटिस जारी किया गया है। 

 निगम अधिकारियों के कार्यों में किया फेरबदल 

ग्वालियर निगम निगम में कार्य सुविधा एवं प्रशासनिक दृष्टि से अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों में फेरबदल किया गया है। 

नगर निगम आयुक्त  संघ प्रिय द्वारा जारी आदेशानुसार प्रभारी कार्यपालन यंत्री  वेद प्रकाश निरंजन को कार्यपालन यंत्री, पेंच रिपेयरिंग एवं ट्रैफिक सेल अपने वर्तमान कार्यों के साथ, प्रभारी कार्यपालन यंत्री शैलेन्द्र सक्सेना को कार्यपालन यंत्री, सीएंडडी वेस्ट एवं सीएण्ड डी प्लांट (वर्तमान एवं प्रस्तावित) अपने वर्तमान कार्यों के साथ साथ, नोडल अधिकारी मदाखलत केशव चौहान को नोडल अधिकारी मृत पशु अपने वर्तमान कार्यों के साथ साथ, प्र. सहायक यंत्री  सिद्धार्थ सोनी को सहायक यंत्री सीएंडडी वेस्ट एवं सीएण्ड डी प्लांट (वर्तमान एवं प्रस्तावित) अपने वर्तमान कार्यों के साथ साथ, उपयंत्री अभिषेक ठाकुर को उपयंत्री सीएंडडी वेस्ट एवं सीएण्डी प्लांट (वर्तमान एवं प्रस्तावित) अपने वर्तमान कार्यों के साथ का दायित्व सौंपा गया है। 

इसके साथ ही पवन शर्मा, प्र. कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री सीएंडडी वेस्ट एवं सीएंडडी प्लांट (वर्तमान एवं प्रस्तावित), नोडल अधिकारी मृत पशु तथा सहायक जनसंपर्क अधिकारी के दायित्व से मुक्त रहेंगे।