ग्वालियर। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान में प्रत्येक शुक्रवार को लगाए जा रहे शिविरों की कड़ी में जिले का अगला जिला स्तरीय शिविर शुक्रवार को विकासखंड भितरवार मुख्यालय पर आयोजित किया जायेगा। सभी विभागीय अधिकारी अपने- अपने विभाग की जानकारी के साथ शिविर में उपस्थित रहकर शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ पात्र हितग्राहियों को उपलब्ध करायेंगे। कलेक्टर रुचिका चौहान ने सोमवार को अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक में शिविर की तैयारियों के साथ-साथ सीएम हैल्पलाइन, किसानों के लिये खाद की उपलब्धता, फार्मर आईडी, किसान क्रेडिट कार्ड, पशुपालन विभाग सहित अन्य विभागीय योजनाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर रुचिका चौहान ने गूगल मीट के माध्यम से शामिल होकर विभागीय योजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सोजान सिंह, एडीएम सीबी प्रसाद,एडीएम अनिल बनवारिया सहित जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर चौहान ने सीएम हैल्पलाइन की समीक्षा के दौरान शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर तहसीलदार लश्कर मनीष जैन एवं बीएमओ अजय कुमार को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सीएम हैल्पलाइन के प्रकरणों का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किया जाए। मुख्यमंत्री की मंशा अनुरूप प्रत्येक शुक्रवार को जन-विश्वास शिविरों का आयोजन कर आमजनों की समस्याओं के निराकरण के साथ-साथ शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ भी पात्र हितग्राहियों को उपलब्ध कराया जा रहा है। कलेक्टर ने राजस्व विभाग, स्वास्थ्य, नगर निगम एवं महिला व बाल विकास विभाग के अधिकारियों को भी लंबित प्रकरणों के निराकरण में तत्परता से कार्य करने केनिर्देश दिए हैं।
किसानों को खाद वितरण की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले में खाद वितरण में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आना चाहिए। किसानों को आवश्यकता अनुरूप खाद उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित किया जाए। राजस्व अधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्र में पशु टीकाकरण के कार्य को प्राथमिकता से कराना सुनिश्चित करें।
सीएम घोषणाओं का क्रियान्वयन तत्परता से करें
मुख्यमंत्री यादव द्वारा ग्वालियर भ्रमण के दौरान की गईं घोषणाओं का क्रियान्वयन विभागीय अधिकारी सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित घोषणाओं के क्रियान्वयन की वस्तुस्थिति से भी तत्परता से अवगत कराएं। शासन स्तर से विभागीय अधिकारियों को जो भी स्वीकृति लेना है, वह तत्परता से लेकर घोषणाओं को पूर्ण कराने का कार्य करें। इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किया जाए। घोषणाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित विभागीय अधिकारी के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जायेगी।
जन-विश्वास अभियान” में प्राप्त आवेदनों के पंजीयन एवं निराकरण के लिये कमेटी गठित
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 7 अगस्त 2026 से 08 जनवरी 2027 तक चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य जन-विश्वास, जनकल्याण की आधारशिला, क्षेत्र भ्रमण, निरीक्षण एवं संवाद के माध्यम से आमजनों की शिकायतों का त्वरित निराकरण, योजनाओं से क्रियान्वयन की मॉनीटरिंग और लोक सेवाओं का समय-सीमा में प्रदाय सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिले में शिविर के दौरान प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों को पोर्टल पर दर्ज कर उसका निराकरण सुनिश्चित करने के लिये जिला स्तर पर एक कमेटी का गठन किया है।
सीईओ रावत ने जिला स्तरीय कमेटी के गठन का आदेश जारी किया है। इस कमेटी में जिला सूचना अधिकारी एनआईसी रजत रस्तोगी, प्रबंधक ई-गवर्नेंस जिला ग्वालियर आशीष जैन, लोक सेवा प्रबंधक सूरज यादव को रखा है। गठित समिति पोर्टल पर आने वाली तकनीकी समस्याओं का निराकरण करायेगी एवं प्राप्त आवेदनों के पंजीयन एवं उनके निराकरण की जानकारी प्रतिदिन जिला पंचायत को प्रस्तुत करेगी।करेगी।
